अपनी बात

नहीं रहे नवादा निवासी 85 वर्षीय समाजसेवी वरीय अधिवक्ता बीरेन्द्र प्रसाद सिन्हा

बिहार के नवादा निवासी, संप्रति रांची में रह रहे 85 वर्षीय समाजसेवी व वरीय अधिवक्ता बीरेन्द्र प्रसाद सिन्हा का कल देर रात निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। विनम्र स्वभाव व सभी के लिए सहज व सरलता से सुलभ रहनेवाले बीरेन्द्र प्रसाद सिन्हा के निधन पर कई संभ्रांत नागरिकों व बुद्धिजीवियों ने शोक प्रकट किया है।

बीरेन्द्र प्रसाद सिन्हा अपने पीछे तीन पुत्र, तीन बेटियां, बहुएं-दामाद, नाती-पोतों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं। आज उनका अंतिम संस्कार सायंकाल में रांची के हरमू स्थित मुक्तिधाम में संपन्न हुआ। जहां बड़ी संख्या में उनके पारिवारिक सदस्यों व चाहनेवालों का समूह उपस्थित रहा। मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र शैलेश रंजन ने दी।

ज्ञातव्य है कि स्व. बीरेन्द्र प्रसाद सिन्हा की बहू श्रीमती शालिनी वर्मा हैं। जो संप्रति झारखण्ड सरकार के सूचना भवन में स्थित सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में उप-निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। बीरेन्द्र प्रसाद सिन्हा के परिवार के अन्य सदस्य भी विभिन्न विभागों में प्रमुख पद पर कार्यरत हैं। कल देर रात जैसे ही बीरेन्द्र प्रसाद सिन्हा के निधन की खबर सभी को मिली। उनके घर पर उन्हें श्रद्धांजलि देनेवालों का तांता लग गया।