राजनीति

CM हेमन्त की नजरों में नियोजन से ज्यादा नमाज जरुरी, तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले तालिबान का समर्थन कर रहे – दीपक प्रकाश

राज्य सरकार के खिलाफ भाजपा ने संघर्ष को तेज कर दिया है। जनमुद्दों के साथ तुष्टिकरण एवम असंवैधानिक निर्णयों के खिलाफ सदन से सड़क तक भाजपा ने बिगुल फूंक दिया है। इसी क्रम में आज विधानसभा भवन में नमाज कक्ष आवंटन के खिलाफ भाजपा ने विधानसभा घेराव कार्यक्रम आयोजित किया।

हेमन्त सरकार के तुष्टिकरण नीति के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के सभी जिलों से 15 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव किया। झारखंड विधानसभा में नमाज कक्ष आवंटन व नियोजन नीति के विरोध में हरमू मैदान से विधानसभा के लिए कूच किया।

जहां भाजपा कार्यकर्ताओं पर विधानसभा से पूर्व जगन्नाथ मंदिर के समक्ष लाठी चार्ज व पानी का बौछार किया गया। इस क्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश और पूर्व मुख्यमंत्री व नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी को भी लाठी से पीटा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। महिला कार्यकर्ताओं को भी पुरुष पुलिसकर्मियों ने पीटा। लाठी चार्ज में भाजपा के सैकड़ो कार्यकर्ता घायल हुए।

लाठी चार्ज के उपरांत दीपक प्रकाश ने कहा कि जब जब भाजपा के कार्यकर्ता ने संघर्ष किया है,  वे और भी चमके हैं। उन्होंने कहा कि मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाने वाली कांग्रेस झामुमो ने जनता को ठगा है। झूठे वादे पर सत्ता में आई सरकार अब असंवैधानिक फैसले कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नियोजन वर्ष को नमाज के लिये समर्पित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सर्व धर्म समभाव पर विश्वास करती है किंतु 2 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष के आदेश से तुगलकी फरमान जारी किया गया, जो लोकतंत्र की मंदिर को कलंकित करने का कार्य किया है। झारखंड की  सरकार औरंगजेब की तरह सरकार चलाना चाहती है। एक विशेष धर्म के इबाबत के लिए स्थान दिया गया, यह संविधान का अपमान है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों ने अपने विरोध से कुम्भकर्णी सरकार के निंद्रा तोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सरना स्थल, संथाली समाज के लिए स्थल, भगवान राम की आराधना के लिए स्थल व अन्य सभी धर्मों के लिए स्थल देना होगा। तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले तालिबान का समर्थन कर रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी के इशारे पर तालिबान का समर्थन हो रहा है। नियोजन नीति में उर्दू को स्थान देते हुए अन्य भाषाओं का अपमान करने का कार्य किया है। तुष्टिकरण की नीति नियोजन नीति में स्पष्ट दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन काला अध्याय के रूप में लिखा जाएगा। हेमन्त सोरेन और कांग्रेस के इशारे पर लाठी चार्ज किया गया।

बाबूलाल को मारने के इरादे से लाठी चार्ज किया गया। 18 महीने में 2900 दुष्कर्म वाली सरकार में महिलाओं पर पुरुष सुरक्षाकर्मियों के द्वारा लाठी चार्ज किया गया। यह सरकार महिला विरोधी, आदिवासी विरोधी है। उन्होंने कहा कि एक-एक लाठी का जवाब भाजपा देगी, झारखंड की जनता जवाब देगी।

तुष्टिकरण की लड़ाई के खिलाफ हम गांव-गांव जायेंगे: बाबूलाल मरांडी

धरना स्थल पर कार्यकार्यताओं को संबोधित करते हुए नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी ने कहा कि शांतिपूर्ण कार्रवाई पर लाठी चार्ज किया गया। महिलाओं पर पुरुषकर्मियों द्वारा लाठी चार्ज किया गया। यह सोची समझी साजिश के तहत लाठी चार्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि हेमन्त सरकार को उखाड़ फेंकने में बहुत समय नहीं लगेगा।

जिस प्रकार से नमाज के लिए कक्ष का आवंटन किया गया, वह संवैधानिक तरीके से गलत है, अलोकतांत्रिक है। झारखंड में लोकतंत्र की हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि नमाज कक्ष का आदेश यदि वापस नहीं लिया गया तो यह आंदोलन झारखंड के गांव गांव तक जाएगा । सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ रहे हैं। सदन में किसी भी मुद्दे पर चर्चा नहीं कराना चाहते हैं।

वे चर्चा से भाग रहे हैं। तुष्टिकरण की राजनीति के तहत नियोजन नीति बनाया गया। लोकतंत्र की मंदिर के साथ छेड़ छाड़ हुई तो भाजपा चुप बैठने वाली नहीं है। बालू, कोयला पत्थर की लूट मची है और इसके संरक्षक हेमन्त सरकार है। तुष्टिकरण करने वाले झामुमो का आने वाले दिनों में झारखंड से नामो निशान मिट जाएगा।

लाठी गोली डंडे से डरने वाली पार्टी नहीं है भाजपा, संघर्ष जारी रहेगा: रघुवर दास

पूर्व मुख्यमंत्री एवम भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास भी विधानसभा घेराव में शामिल हुए एवम विधानसभा परिसर में अटल जी की प्रतिमा के समक्ष भाजपा विधायकों के साथ तुष्टिकरण के खिलाफ धरने पर भी बैठे। अनशन के बाद लाठी चार्ज हुए स्थान पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भाजपा 365 दिन चलने वाली पार्टी है। 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर वंशवादी पार्टी ने देश की आजादी के बाद से ही वोट बैंक की तुष्टिकरण की राजनीति शुरु कर दिया। पंथनिरपेक्ष भारत राज्य है। हेमन्त सोरेन के दबाव में नमाज हेतु कक्ष आवंटन किया गया है। जो असंवैधानिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि लाठी गोली डंडे से डरने वाले पार्टी नहीं है भाजपा, संघर्ष लगातार जारी रहेगा। 

उन्होंने कहा कि नियोजन नीति के तहत हिंदी भाषी लोगों का हेमन्त सरकार ने अपमान किया है। एक साल में 5 लाख नौकरी, नहीं तो बेरोजगारी भत्ता समेत एक भी वादा पूरा नहीं किया। हेमन्त सरकार अपनी विफलता छुपाने के लिए जनता को बांटने का कार्य किया है। जब तक नमाज कक्ष और नियोजन नीति में बदलाव नहीं होगा हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

इससे पूर्व विधानसभा घेराव हेतु प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में रैली निकाली गई। जो हरमू मैदान व अरगोड़ा मैदान से निकाली गई। इस रैली में नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के सांसद व सभी पदाधिकारीगण भी शामिल हुए। इस क्रम में महिला मोर्चा व युवा मोर्चा, किसान मोर्चा के लोग कीर्तन मंडली के साथ शामिल हुए।

पूरे रैली में हरे राम, हरे कृष्ण, जय श्री राम, भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे गूंजता रहा। इस दौरान तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देने व विकास विरोधी हेमन्त सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। इस रैली में सभी 27 सांगठनिक जिलों से कार्यकर्तागण, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा के कार्यकर्तागण भी शामिल हुए।

लाठी चार्ज के बावजूद डटे रहे भाजपा कार्यकर्ता, कई महिला कार्यकर्ता हुए घायल

पार्टी कार्यकर्ता द्वारा लगभग 10 किलोमीटर पैदल मार्च के उपरांत विधानसभा के समक्ष जगन्नाथ मंदिर के समीप जमकर लाठी चार्ज किया गया। इस लाठी चार्ज में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के घायल होने के बावजूद पार्टी कार्यकर्ता उसी स्थान पर डटे रहे। जहां शान्तिपूर्वक तरीके से सभास्थल का रूप दिया गया।

शान्तिपूर्वक व लोकतांत्रिक तरीके से विरोध के दौरान लाठी चार्ज के बाद भी बीच बीच में लाठी चार्ज होता रहा। महिला कार्यकर्ताओं पर भी लाठी चलाने से गुरेज नहीं किया, वह भी पुरुषकर्मी पुलिस पदाधिकारी ने लाठी चार्ज किया। कार्यक्रम के दौरान सांसद पीएन सिंह, संजय सेठ, सुनील सोरेन, सुदर्शन भगत, पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवीन्द्र राय, विधायक सीपी सिंह ने भी सभा को संबोधित किया।