राजनीति

तेजी से कालकलवित होती स्वर्णरेखा नदी का मामला लोकसभा में सांसद संजय सेठ ने शून्यकाल के दौरान उठाया, स्वर्णरेखा उत्थान समिति ने सांसद के प्रति जताया आभार

झारखण्ड की अतिप्रमुख नदियों में से एक व रांची की प्राण कही जानेवाली स्वर्णरेखा नदी के प्रदूषित होने और उसे स्वच्छ कराने का मामला सांसद संजय सेठ ने शून्य काल के दौरान लोकसभा में उठाया। सांसद ने कहा कि उनकी लोकसभा क्षेत्र के नगड़ी नामक स्थान से स्वर्णरेखा नदी निकलती है। जो रांची शहर से होकर गुजरती हुई जमशेदपुर होते हुए सीधे बंगाल की खाड़ी में गिरती है। 474 किलोमीटर लंबी इस नदी को झारखंड का लाइफलाइन भी कहा जाता है।

सांसद संजय सेठ ने कहा कि झारखंड की प्राचीन संस्कृति में इस नदी का सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है। रांची में चुटिया नामक स्थान में स्वर्णरेखा नदी में एक सहायक नदी हरमू से आकर मिलती है। इस संगम पर करीब 500 वर्ष पुराने नागवंशीकालीन 21 शिवलिंग नदी के चट्टानों में उत्कीर्ण है। कभी नागवंशी राजाओं की राजधानी रही चुटिया में यह सांस्कृतिक अवशेष एक जीवंत और धनाढ्य संस्कृति की कहानी कहती है।

श्री सेठ ने कहा कि गैर योजना से तेजी से बढ़ते शहरीकरण ने इसकी सहायक नदी हरमू को एक नाले में बदल कर रख दिया। नदियों के किनारे अतिक्रमण और शहर के सीवरेज सिस्टम का गंदा पानी अब स्वर्णरेखा को भी बड़ी तेजी से प्रदूषित कर रहा है। दिल्ली की यमुना नदी से भी खराब स्थिति इसकी हो चुकी है। इन दोनों नदियों के संगम स्थल के बाद से स्वर्णरेखा बिल्कुल काली पड़ती जा रही है।

उन्होंने कहा कि आज से 10-15 साल पूर्व तक हजारों की संख्या में छठव्रती अर्घ्य देते थे, वहीं कार्तिक पूर्णिमा में यहां आयोजित मेले में स्नान और दरिद्रनारायण को भोजन कराने के लिए लोग दूर दूर से आते थे। हरेक घर से एक एक मुट्ठी चावल और दाल लेकर प्रसाद बनाया जाता था, जो सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण था। लेकिन नदी के प्रदूषित होने के कारण लोगों ने इस नदी से खुद को दूर कर लिया, अब छठ और कार्तिक पूर्णिमा दोनों में श्रद्धालुओं की संख्या काफी कम हो गई है। नदी की चट्टानों में उत्कीर्ण 21 शिवलिंग भी तेजी से क्षरण हो रहे हैं।

सांसद ने सदन में कहा कि अगर समय रहते इस नदी को प्रदूषण से नहीं बचाया गया, तो जल्द ही यह महत्वपूर्ण नदी एक नाला बनकर रह जाएगी। अतः सरकार से आग्रह है कि उक्त नदी और विस्मृत होते यहां के सांस्कृतिक धरोहर को बचाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। इधर स्वर्णरेखा उत्थान समिति के सुधीर शर्मा ने सांसद संजय सेठ द्वारा संसद में इस मामले को उठाने पर उनके प्रति आभार जताया है। सुधीर शर्मा का कहना है कि निश्चय ही इससे स्वर्णरेखा को बचाने में एक न एक दिन सफलता अब अवश्य मिलेगी।