अपनी बात

ढुलू महतो ने डंके की चोट पर भाजपा नेताओं के सामने कहा कि जो प्रत्याशी उसे चुनौती देगा, वो उसका वध करेगा, स्थानीय प्रशासन व मीडिया ने साधी चुप्पी, ढुलू के आगे सभी नतमस्तक

कहा जाता है कि पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं, जरा देखिये धनबाद के भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो की हरकत, इसने 30 मार्च को धनबाद के भाजपा कार्यालय में हो रही धनबाद लोकसभा भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में अपने विरोधियों के प्रति कितनी घटिया स्तर की भाषा का प्रयोग किया है। विद्रोही24 को यह वायरल वीडियो अजय कांत सिन्हा के फेसबुक वॉल पर देखने को मिली, जो इसके भाषण का सीधा लाइव कर रहे थे। हमने इन्हीं के लाइव से यह वीडियो के कुछ क्लिप निकाले हैं, जो इस प्रकार हैं। आप भी ध्यान से देखें और सुनें…

 

वह भी धनबाद के निवर्तमान सांसद पीएन सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा, निरसा विधायक अपर्णा सेन गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी तथा भाजपा का कर्मकूटने के लिए कड़ी मेहनत करनेवाले कर्मवीर सिंह के समक्ष, यही नहीं जैसे ही ढुलू महतो ने अपनी गंदी जुबान से अपने विरोधियों के खिलाफ घटियास्तर शब्द का प्रयोग किया।

वहां मौजूद उनके समर्थकों ने उस शब्द के प्रति इतने आह्लादित हो उठे, कि सभी ने ढुलू महतो का करतल ध्वनि से स्वागत भी किया। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि अपने विरोधियों के लिए इतनी घटिया शब्द का प्रयोग ढुलू महतो जैसा अपराधिक चरित्र का व्यक्ति ही कर सकता है और उन शब्दों का समर्थन भी वहीं कर सकता है, जो इस प्रकार का चरित्र रखता हो।

लेकिन जहां ढुलू ने ऐसी भाषा का प्रयोग किया और वहां अमर बाउरी, राज सिन्हा, पीएन सिंह, अपर्णा सेन गुप्ता और कई भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं का समूह चुपचाप बैठकर इसे सुनता रहा, यह भी कम हैरानीवाली बात नहीं। लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष दोनों का महत्वपूर्ण स्थान है। बिना विपक्ष के एक बेहतर लोकतंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती और यहां तो भाजपा का प्रत्याशी अपने विरोधियों का वध करने का संकल्प तक ले रहा हैं।

आश्चर्य यह भी है कि आज तीसरा दिन है न तो केन्द्र की भाजपा और न ही प्रदेश की भाजपा ने ढुलू महतो के खिलाफ कोई एक्शन लिया कि उन्होंने अपने विरोधियों का वध करने की बात क्यों कहीं। ज्ञातव्य है कि ढुलू महतो ने उक्त बैठक में अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि …

“चुनौती के तौर पर वैसे जो प्रत्याशी आनेवाले हैं, उनको हम कहना चाहेंगे कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता धनबाद जिले के कार्यकर्ताओं को जिस प्रकार का और जिस तरह का चुनौती दिया है, चुनौती को चुनौती के रुप में लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता द्वारा उनके चुनौती को स्वीकार करते हुए उनके वध करने का प्रयास एवं ध्वस्त करने का प्रयास करेंगे।”

हाल ही में कुछ दिन पहले ढुलू महतो के इशारे पर गैंग्सटर प्रिंस खान द्वारा वायरल ऑडियों के माध्यम से धनबाद मारवाड़ी जिला सम्मेलन के अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल और जमशेदपुर पूर्व के विधायक सरयू राय को मिली धमकी और अब ढुलू महतो के खिलाफ आनेवाले प्रत्याशी का वध करने का ढुलू महतो का भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं के समक्ष लिया गया संकल्प बहुत कुछ कह दे रहा है कि धनबाद में अब जब भी चुनाव होंगे, वे रक्तरंजित होंगे।

ऐसे में अब धनबाद की जनता भयंकर रुप से डरी हुई हैं। इधर राजनीतिक पंडितों का यह भी कहना है कि धनबाद के भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो द्वारा खूलेआम अपने विरोधी प्रत्याशी के वध करने का ऐलान और अखबारों व अन्य मीडिया हाउसों का इस पर चुप्पी साध लेना तथा स्थानीय प्रशासन व स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार इस पर एक्शन नहीं लेना बहुत कुछ कह दे रहा है कि यहां स्थानीय पुलिस प्रशासन किस प्रकार अपनी ड्यूटी का निर्वहण कर रही है। होना तो यह चाहिए था कि जैसे ही ढुलू महतो ने अपने विरोधी प्रत्याशियों का वध करने की बात कही थी, उसे तत्काल गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन प्रशासन मौन साधे हुए हैं।