राजनीति

झारखण्ड हाई कोर्ट ने दी जमानत, अब जेल से निकलेंगे हेमन्त सोरेन, झामुमो कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर, पार्टी को विधानसभा चुनाव में मिलेगा फायदा

आखिरकार पांच महीने बाद झारखण्ड हाई कोर्ट से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को जमानत मिल ही गई। झारखण्ड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रंगन मुखोपाध्याय ने जमीन घोटाले से संबंधित मामले में उन्हें जमानत दे दी। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को पचास हजार रुपये के दो मुचलके पर उन्हें जमानत दी गई। ज्ञातव्य है कि गत् 31 जनवरी को ईडी ने लंबी पूछताछ के बाद उनके आवास से हेमन्त सोरेन को गिरफ्तार कर लिया था। हेमन्त सोरेन को आज ही जमानत मिली है।

प्रवर्तन निदेशालय ने हेमन्त सोरेन को रांची के बड़गाई में साढ़े आठ एकड़ के कथित जमीन घोटाले में गिरफ्तार किया था। इसी बीच जमानत प्राप्त करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कई जगहों पर अर्जियां दी, पर सारे जगह उनकी अर्जियों को खारिज कर दिया जा रहा था। लेकिन आज झारखण्ड उच्च न्यायालय ने उन्हें जमानत दे ही दी।

फिलहाल रांची के होटवार जेल में हेमन्त सोरेन बंद हैं। जल्द ही जमानत की सारी प्रकियाएं संभवतः पूरी कर ली जायेगी। संभावना है, वे आज ही जेल से बाहर निकल जायेंगे। इधर झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर है। वे नारे लगा रहे हैं – आखिर जेल का ताला टूट ही गया, हेमन्त सोरेन छूट ही गया। राजनीतिक पंडितों की मानें तो पांच महीने के अंदर हेमन्त सोरेन का जेल में रहना उनके राजनीतिक कद को और बढ़ा दिया है।

वे जब अब जनता के बीच पहुंचेंगे तो निःसंदेह उनकी बातें जनता के दिल में सीधे प्रवेश करेंगी और उन्हें चुभेगी भी कि कैसे एक आदिवासी नेता को जेल में डालकर पांच महीने रखा गया। इधर आज जैसे ही झारखण्ड हाई कोर्ट से जमानत मिली। हेमन्त के चाहनेवालों में खुशियां देखी गई। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं के चेहरे सूखे हुए नजर आये।