राजनीति

भाजपा विधायकों के हंगामे के बीच हेमन्त सोरेन ने 45-0 से जीता विश्वास मत, साथ ही भाजपाइयों को दी चेतावनी, कहा बहुत कुछ इनके बारे में जान चुके हैं, इस बार इनकी दाल गलने नहीं देंगे

आज झारखण्ड विधानसभा में हेमन्त सरकार ने 45-0 से बहुमत हासिल कर लिया। बहुमत हासिल करने में झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को कोई ज्यादा दिक्कत का सामना करना नहीं पड़ा। लेकिन बहुमत हासिल होने की प्रक्रिया के दौरान भाजपा विधायकों ने जमकर हंगामा किया। नारे लगाए और बाद में वाक् आउट भी किया। भाजपा सदस्यों के इस व्यवहार से पता लगता है कि भाजपा विधायकों ने सदन में हंगामा खड़ा करने और वाक् आउट करने का एक तरह से पहले ही संकल्प करके आये थे।

जैसे ही सदन में स्पीकर ने हेमन्त सोरेन को सरकार का जवाब देने के लिए नाम पुकारा। भाजपा विधायक बिफर उठे। हंगामा खड़ा करना शुरु किया। देखते ही देखते बेल में आ गये। इसी बीच हेमन्त सोरेन अपनी बाते रखना शुरु कर चुके थे। जैसा कि विद्रोही24 जानता है। आज हेमन्त सोरेन बोलने के मूड में थे। लेकिन जिस प्रकार की स्थिति सदन में उन्होंने देखी। उन्होंने कम बोलना ही उचित समझा।

लेकिन कम ही शब्दों में उन्होंने गागर में सागर भरने का काम किया। अपने संक्षिप्त भाषण में उन्होंने कह दिया कि हेमन्त सोरेन के सदन में आने का दुख, इनके आचरण में साफ दिख रहा है। धनबल, असंवैधानिक कार्यों से जब इनका मन नहीं भरा तो ये हंगामा पर उतारु हो गये। अपने असली आचरण में आ गये। उन्होंने कहा कि इनका जवाब देने का पूरा समय है उनके पास। चुनाव के बाद तो ये खुद ही आधा हो जायेंगे। इनमें से आधे लोग भी अगर सदन में आ जाये तो बड़ी बात होगी।

हम इन्हें अपनी राजनीतिक स्पर्द्धा से इन्हें परास्त करेंगे। इनलोगों ने सरकार को अपदस्थ करने के लिए क्या नहीं किया। आपरेशन लोटस के द्वारा खरीद फरोख्त अभियान चलाया। ये खरीद फरोख्त वाले लोग तो सदन में बैठे इन लोगों के सीधे सम्पर्क में रहते हैं। पांच महीने नहीं रहने पर वे इनके बारे में बहुत कुछ जान चुके हैं। सबको जान लिया है। इस बार इनकी दाल गलने नहीं देंगे।

भाजपाइयों के भ्रष्टाचार अगर देखे जाये तो सारे जेल भर जायेंगेः विनोद

सरकार को समर्थन देते हुए भाकपा माले विधायक दल के नेता विनोद कुमार सिंह ने कहा कि हेमन्त सोरन के साथ ज्यादतियां हुई। उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने का जो काम किया गया और जो आरोप लगाये गये। वैसा अगर भाजपा विधायकों के साथ हो जाये तो राज्य के सारे जेल भर जायेंगे। उन्होंने सरकार द्वारा किये गये कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अब समय बहुत कम है, अबुआ आवास योजना में जो त्रुटियां हैं, उसे सुधारा जाये और जो भी काम लिये गये हैं, उसे पूर्ण किया जाये।

झारखण्ड को राजनीतिक प्रयोगशाला बना दिया गयाः चम्पाई सोरेन

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने विश्वास मत के समर्थन में बोलते हुए कहा कि झारखण्ड को राजनीतिक प्रयोगशाला बना दिया गया। इस राज्य में काफी समय तक भाजपा का शासन रहा, कुछ हमलोगों ने शासन किया। लेकिन सच्चाई है कि हालात नहीं बदले। उन्होंने कहा कि जैसे ही सरकार सत्ता में आई थी तो कोरोना हो गया। कोरोना से बचे तो सरकार को अपदस्थ करने का काम शुरु हो गया। केन्द्रीय एजेंसियों को यहां लगाकर प्रयोगशाला बना दिया गया।

सरकार खुद अपने उपर अविश्वास करती हैः सुदेश

आजसू विधायक दल के नेता सुदेश कुमार महतो ने विश्वास मत के खिलाफ बोलते हुए कहा कि ये सरकार खुद ही अपने खिलाफ अविश्वास करते हुए विश्वास मत का प्रस्ताव लाई है। भला विपक्ष ने तो ऐसा कुछ किया ही नहीं। उन्होंने सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाये तथा हर प्रकार से सरकार को विफल बताया। उन्होंने कहा कि राशन और पेंशन आदि योजनाएं तो पहले से ही चली आ रही है। लेकिन सच्चाई यह है कि आपके शासनकाल में लोग राशन और पेंशन से वंचित हो रहे हैं।

देश के इतिहास में पहली बार भाजपा के एक मंत्री ने अपनी ही सरकार के खिलाफ किताब लिख डालीः प्रदीप यादव

हेमन्त सरकार के विश्वास मत के पक्ष में बोलते हुए सदन में झारखण्ड विकास मोर्चा के नेता व सदन से बाहर कांग्रेस पार्टी के नेता प्रदीप यादव ने कहा देश के इतिहास में पहली बार हुआ कि भाजपा के एक मंत्री ने अपनी ही सरकार यानी भाजपा सरकार के खिलाफ तिजोरी की चोरी नाम से एक पुस्तक लिख डाली। 46 आरोप तो खुद बाबूलाल मरांडी पर लगे हैं। इससे भी संबंधित पुस्तक सदन में प्रदीप यादव ने रखा। साथ ही भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने एक स्टेबल गर्वमेंट को अस्थिर करने का बार-बार प्रयास किया।

अपने विधायकों को कंट्रोल नहीं कर रहे, लॉलीपॉप खिला रहे हैेः अमर बाउरी

इधर विपक्ष के नेता अमर कुमार बाउरी ने सरकार द्वारा लाये गये विश्वास मत के खिलाफ बोलते हुए कहा कि सरकार अपने विधायकों को कंट्रोल में नहीं रख रहे। सब को लॉलीपॉप थमाये हुए है। सरकार जब से अस्तित्व में आई है। भ्रष्टाचार बढ़ा है। सरकार ने कहा कि पांच लाख को नौकरी देंगे। पर नहीं दी। अमर कुमार बाउरी ने संताल परगना क्षेत्र में डेमोग्रेफी चेंज होने का मामला भी सदन में उठाया।

उन्होंने कहा कि अब तो हाई कोर्ट भी मान चुकी है कि संताल परगना में डेमोग्रेफी चेंज हो रहा है। उन्होंने गोपीनाथबस्ती में पिछले दिनों हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की स्थिति गंभीर हैं लोग वहां से पलायन करने की सोच रहे हैं। अब संताल परगना में लैंड जेहाद, लव जेहाद और अब तो वोट जेहाद भी शुरु हो गया।