राजनीति

बाबूलाल मरांडी भाजपा का कितना भी पालकी ढो लें, लेकिन झारखण्ड का मुख्यमंत्री बनना अब उनके नसीब में नहीं, अगला मुख्यमंत्री भी हेमन्त सोरेन ही बनेंगेः हेमलाल मुर्मू

झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता व केन्द्रीय प्रवक्ता हेमलाल मुर्मू ने आज संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कल झारखण्ड विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन देश के बड़े आदिवासी नेता के रुप में स्थापित हो गये। इस बात को इंडिया गठबंधन के सभी प्रमुख नेताओं ने भी कबूला।

उन्होंने यह भी कहा कि कल विधानसभा में जो विश्वास मत हासिल हुआ, वो राज्य की जनता की जीत है, इसके लिए झामुमो के विधायक ही नहीं, बल्कि गठबंधन में शामिल सारे विधायकों को इसके लिए धन्यवाद।उन्होंने कहा कि भाजपा को समझना चाहिए कि हेमन्त का अर्थ होता है – सोना और सोना गलाने तो तपाने पर ही और अधिक चमकता है। आज हेमन्त सोरेन सोने की तरह चमक रहे हैं। ऐसे ही वे राज्य को भी चमकाने का काम करेंगे। इसमें कोई किन्तु-परन्तु नहीं हैं।

हेमलाल मुर्मू ने कहा कि भाजपा के गंदे विचारों के कारण मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को पांच महीने तक कठिन कारावास की सजा झेलनी पड़ी और इधर ये लोग कल वेल में भी पहुंच गये थे। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की टिप्पणी से स्पष्ट होता है कि भाजपा के षडयंत्र के कारण हेमन्त सोरेन जैसे बिल्कुल निर्दोष व्यक्ति को फंसाकर यह राजनीतिक कर्मकांड संपन्न किया गया।

हेमलाल मुर्मू ने कहा कि हाल ही में भाजपा के सदस्य व प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का अखबारों में बयान देखा गया, जिसमें उन्होंने कहा कि झामुमो के लोग पालकी ढोने के लिए बने हैं, तो वे उन्हें कहना चाहेंगे कि वे भाजपा का पालकी जरुर ढोए, यही उनके नसीब में भी हैं, फिलहाल सीएम की कुर्सी उनके नसीब में नहीं, क्योंकि आनेवाला समय यानी विधानसभा चुनाव के बाद भी झामुमो गठबंधन ही सरकार बनायेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने भी ये सोच लिया है। यह राज्य की जनता की विचारधारा भी है कि राज्य में झामुमो गठबंधन की सरकार बने। यह विचारधारा देखकर ही लगता है कि भाजपा इससे आगे नहीं जायेगी, अभी और नीचे जायेगी। भविष्य में जब भी विधानसभा चुनाव होंगे, अगले मुख्यमंत्री भी हेमन्त सोरेन ही बनेंगे।