राजनीति

झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में राज्य की महिलाओं द्वारा ली जा रही दिलचस्पी से भाजपा बुरी तरह बौखलाई और इस योजना को लेकर भ्रम फैलाने का काम किया शुरुः सुप्रियो भट्टाचार्य

झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा शुरु किये गये अतिमहत्वाकांक्षी झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को राज्य की महिलाओं ने हाथों-हाथ लेते हुए इस योजना का स्वागत तो किया ही, इसमें दिलचस्पी भी दिखाई है। राज्य सरकार ने जिस प्रकार से इसमें तत्परता दिखाते हुए इसे क्रियान्वित किया है, ये राज्य के लिए एक बहुत बड़ा बेंचमार्क होने जा रहा है। ये कहना है झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव व प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य का, जो आज प्रेस कांफ्रेस में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने कभी सोचा नहीं था कि राज्य की हमारी मां-बहनें इस योजना में इतनी दिलचस्पी लेंगी। शुरु में एक दिन ज्यादा हिट होने के कारण सर्वर डाउन रहा। जिसको लेकर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया और इसे ठीक कराते हुए, इसकी अंतिम तारीख 10 अगस्त से बढ़ाकर 15 अगस्त तक कर दी। सुप्रियो ने कहा कि इस योजना को मिल रही सफलता से भाजपा बुरी तरह बौखला गई है। इसे लेकर उनके द्वारा पूर्व की तरह गलतफहमियां और भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि उनके द्वारा इस योजना को लेकर अनर्गल बातें की जा रही है। उनके प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी कह रहे है कि इसके द्वारा राज्य सरकार कमाई कर रही है। जबकि इस योजना से राज्य की 50 लाख महिलाओं को हर वर्ष 12 हजार रुपये मिलने जा रहे हैं। ये वहीं लोग हैं, जो पहले डेमोग्राफी चेंज होने की बातें कर रहे थे। जब इसकी सच्चाई सामने आई, जो कि राज्य की चिन्ता थी ही नहीं, बल्कि ये इसके नाम पर धार्मिक भावनाओं से खेल रहे थे। यानी जिस गेंद को लेकर वे आये थे, वो गेंद हवा में गायब हो गया।

उन्होंने कहा कि दरअसल भाजपा का प्राब्लम यह है कि वो मुद्दा ही तय नहीं कर पा रही। जबकि राज्य सरकार ने 100 से भी ज्यादा योजना महिलाओं के सम्मान और उनके सशक्तिकरण को लेकर आई। चाहे वो सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना हो या फूलो झानो आशीर्वाद योजना, इन योजनाओं के माध्यम से राज्य सरकार ने राज्य की बालिकाओं और महिलाओं को सशक्त करने तथा समृद्ध करने का काम किया। जो भाजपा के लिए सेटबैक है।

उन्होंने कहा कि हम जो कहते हैं या कहते थे या कहेंगे उसे करके ही रहेंगे। हमने रोजगार के क्षेत्र में भी लाखों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराये हैं। आंगनवाड़ी बहनों व रसोइया में लगी बहनों को भी उन्नत किया। राज्य सरकार का मानना है कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर या सशक्त बनेंगी, तभी आनेवाली पीढ़ी भी सशक्त होंगी। सुप्रियो ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को इसके लिए बधाई दी कि उनके कार्यों से राज्य की महिलाएं सशक्त हो रही हैं।