राजनीति

झामुमो की जड़ें बांस की जड़ों की तरह हैं, जिसे कितना भी काटो, आप उसे समाप्त नहीं कर सकते, जो लोग बांस की खेती करते हैं, सिर्फ वे ही झामुमो को समझ सकते हैं, बाकी नहीः सुप्रियो

झामुमो की जड़ें बांस की जड़ों की तरह हैं, जिसे कितना भी काटो, आप उसे समाप्त नहीं कर सकते, जो लोग बांस की खेती करते हैं, सिर्फ वे ही झामुमो को समझ सकते हैं, बाकी नहीं, झामुमो के अस्तित्व को कोई चुनौती नहीं दे सकता। ये बयान है, झामुमो के केन्द्रीय महासचिव व प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य का, जिन्होंने आज संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा कि भाजपा जानती है कि वो राजनीतिक स्तर पर झामुमो का मुकाबला अब नहीं कर सकती। इसलिए वो अब षडयंत्र का सहारा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि दो प्रकार के आईपीएस देश में हैं। एक आईपीएस का मतलब, इंडियन पुलिस सर्विस होता हैं, जबकि दूसरा आईपीएस का मतलब इंडियन पॉलिटिकल सर्विस। इंडियन पॉलिटिकल सर्विस की परीक्षा का कोई शेड्यूल नहीं होता। यह रोज देना पड़ता है।

सुप्रियो ने कहा कि इंडियन पॉलिटिकल सर्विस में जनाकांक्षा, देशहित, जनहित, नौजवानों के सवाल, किसान-मजदूरों के सवाल, महिलाओं के आत्मनिर्भरता व सशक्तिकरण के मुद्दे निहित होते हैं। लेकिन भाजपा का चरित्र देखें तो उनमें इंडियन पॉलिटिकल सर्विस के एक भी गुण मौजूद नहीं हैं। भाजपा को तो हर चीज में जासूसी नजर आता है। अगर कोई उन्हें प्रणाम करें तो पीछे उसे देखकर, समझेंगे कि वो व्यक्ति उनकी जासूसी कर रहा है। ये भय है, भाजपाइयों को।

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों ये मिला क्या अभियान चलाये, लेकिन जैसे ही हमलोगों ने मिला क्या कि फेहरिश्त निकाली तो इनके मिला क्या अभियान की हवा निकल गई। उन्होंने कहा कि ये जितना भी घूम लें, जनता ने मन बना लिया है कि झारखण्डी अस्मिता, उसकी पहचान, आदिवासी-मूलवासी की आकांक्षाओं के साथ कौन पार्टी खड़ी हैं।

सुप्रियो ने कहा कि हेमन्त सोरेन को तो पांच साल में काम करने का मौका ही नहीं मिला। दो साल तो कोरोना ले डूबा। पांच महीने तो इन्होंने उन्हें जेल में डाल दिया। दो सालों तक तो केन्द्रीय एजेंसियां अनुसंधान के नाम पर राज्य में हस्तक्षेप करती रही। फिर भी कम समय में हेमन्त सरकार ने जनता के बहुत सारे काम किये। जैसे सर्वजन पेंशन योजना, अबुआ आवास, बच्चों की पढ़ाई, विदेशों में युवाओं की पढ़ाई, जटिल रोगों के इलाज, स्कूल आफ एक्सीलेंस आदि उन्हीं में से एक है। सुप्रियो ने कहा कि भाजपा चोर-पुलिस के खेल में उलझ कर रह गई है।