राजनीति

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में न्यायिक व्यवस्था में सुधार कराएं तथा सहारा आदि कंपनियों में गरीबों के फंसे पैसों को जल्द से जल्द दिलवाएः अमर सिंह

भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर के पूर्व मीडिया प्रभारी अमर सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जमशेदपुर आना, प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए बड़े ही गर्व की बात है। हम सारे भाजपा कार्यकर्ता उनके जमशेदपुर आगमन से आह्लादित है। साथ ही वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से चाहेंगे कि देश में वे इस प्रकार से न्यायालय को सुव्यवस्थित करें, जिससे गरीब आदमी को त्वरित न्याय मिल सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री से सहारा, रोज वैली, राजकॉम आदि संस्थानों में गरीबों के फंसे पैसों को जल्द से जल्द जनता को प्राप्त हो, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।

अमर सिंह ने कहा कि कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत में इस 21वीं सदी में भी न्याय के लिए लोगों का भटकना आश्चर्यचकित कर देता है। हालात इतने खराब है कि न्याय को प्राप्त करने के लिए 40 वर्षों तक लोगों को मुकदमा लड़ना पड़ रहा है। लोग डेट पर डेट मिलने तथा न्यायाधीशों द्वारा न्याय को टालने की प्रकृति से परेशान है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रवृत्ति से कई हत्याओं के आरोपी बाइज्जत बरी हो जाते हैं, क्योंकि जब तक गवाही होती हैं, तब तक सारे सबूत या तो नष्ट हो जाते हैं अथवा गवाही देनेवाला इस दुनिया में ही नहीं होता। कई जमीन विवाद जान बूझकर न्यायालय में लाया जाता हैं क्योंकि इसका फैसला 20 वर्षो तक नहीं हो पाता हैं और जिनकी जमीन होती हैं वो दर दर की ठोंकरे खाने को मजबूर होते हैं।

अमर सिंह का कहना है कि पिछले दिनों कई रिटायर्ड हुए मुख्य न्यायाधीशों, प्रमुख पदों पर पदस्थापित लोगों द्वारा कानून में व्याप्त खामियों और डेट पर डेट देने की व्यवस्था पर चिंता जताई गई। कोर्ट के स्टाम्प पेपर पर 11 महीने का एग्रीमेंट कर घर किराया देनेवाले मालिक को किरायेदार से घर खाली करवाने के लिए वर्षो दौड़ना पड़ता है।

कई बलात्कार की शिकार महिला का परिवार न्याय के लिए भटकता रहता है। गरीब जनता का पैसा, सहारा, राजकोम, रोज वैली जैसे अनेक कंपनियों ने हड़प लिये। कई गरीब लोगों ने मजदूरी-मेहनत करके नौकरी करके मकान बनाने एवं अपनी बेटी की शादी के लिए पैसे जोड़कर रखे थे। जिनके सपने टूट गये। वही कई परिवार के लोग भुखमरी से अपनी जिंदगी गुजार रहे हैं, तो कुछ के पास आत्महत्या करने तक की नौबत आ चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत बनाने की कल्पना की हैं। परंतु लोगो को त्वरित न्याय और शिक्षा के बिना ये सम्भव नहीं हैं। अतः प्रधानमंत्री से अनुरोध हैं की न्यायालयों में न्याय व्यवस्था में सुधार हेतु और गरीब जनता को सहारा, रोज वैली, राजकॉम जैसे कंपनियों से पैसा दिलवाने की पहल करने का निर्देश यथाशीघ्र जारी कराएं।