अपनी बात

धनबाद की कल की परिवर्तन रैली में आउटसोर्सिंग के बेताज बादशाह व भाजपा के टिकट के लिए मारामारी कर रहा एलबी सिंह का दिखेगा असर मतलब अब भाजपा के लिए आदर्श से ज्यादा धन महत्वपूर्ण

सूत्र बता रहे हैं कि धनबाद में भाजपा की कल यानी 26 सितम्बर को होनेवाली परिवर्तन रैली हो सकता है कि भव्य हो, क्योंकि इसे भव्य बनाने की तैयारी धनबाद में आउटसोर्सिंग का बेताज बादशाह कहा जानेवाला एलबी सिंह, जिसके यहां केन्द्रीय एजेंसियों ने कई बार अपनी उपस्थिति भी दर्ज कराई है। उसने यह जिम्मा संभाल ली है।

फिलहाल उसका एकमात्र लक्ष्य धनबाद से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ना है। इसके लिए वो हर प्रकार के तिकड़म भी भिड़ा रहा है। आश्चर्य यह भी है कि इस व्यक्ति ने कभी भी भाजपा के लिए न तो काम किया और न ही भाजपा में कभी दिखाई दिया। लेकिन पिछले कुछ ही महीनों से यह अचानक सक्रिय हुआ और देखते ही देखते भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ही नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर के नेताओं का भी प्रिय हो गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं में लोकप्रियता का आलम यह है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने एलबी सिंह का नाम रायशुमारी के दौरान भी लिया और प्रदेश कार्यालय तक उसका नाम भेजने से गुरेज नहीं किया, यही नहीं एलबी सिंह के नाम पर ये भाजपा कार्यकर्ता मरने-मारने पर भी उतारु दिखे। जिसे देखकर कई राजनीतिक पंडितों ने ये कहने से भी गुरेज नहीं किया कि ये आधुनिक भाजपा है।

जिसे आदर्शवादिता अब पसंद नहीं, उसे भी औरों की तरह अपना जमीर बेचनेवाले लोग ही चाहिए। एलबी सिंह ने भाजपा का टिकट पाने के लिए हर प्रकार के चाल चलने शुरु कर दिये हैं। अखबारों को भी वो जमकर फुल-फुल पेज विज्ञापन दे रहा है। ताकि उसके पक्ष में माहौल बना रहे। अखबारवाले और विभिन्न चैनलों/पोर्टलों ने भी एलबी सिंह का खुलकर स्तुति गान करना शुरु कर दिया है। ताकि इस स्तुतिगान का लाभ एक-दूसरे को भी प्राप्त हो सकें।

सूत्र यह भी बता रहे हैं कि धनबाद के वर्तमान दबंग भाजपा सांसद ढुलू महतो का भी उसे आशीर्वाद प्राप्त हो चुका है। चूंकि सजायाफ्ता दबंग भाजपा सांसद ढुलू महतो नहीं चाहता कि धनबाद से फिर से भाजपा के टिकट पर राज सिन्हा चुनाव लड़े। इसलिए उसने धनबाद के ही कई भाजपा कार्यकर्ताओं को राज सिन्हा के खिलाफ सोशल साइट पर लिखने और राज सिन्हा के खिलाफ आंदोलन करने के लिए हवा बनाने का काम तेज करने को कह दिया हैं। जिसका प्रभाव भी देखने को यहां मिल रहा है। धनबाद के कई भाजपा कार्यकर्ता राज सिन्हा के खिलाफ विभिन्न सोशल  साइटों पर आग भी उगल रहे हैं।

राजनीतिक पंडितों की मानें तो धनबाद प्रमंडल की परिवर्तन रैली के प्रभारी रवीन्द्र राय बनाये गये हैं। लेकिन इनके द्वारा इस संबंध में अभी तक कोई बैठक नहीं ली गई, कि इस रैली को कैसे बेहतर बनाया जा सकें। शायद रवीन्द्र राय को इसका कारण भी पता है कि इस रैली को लेकर धनबाद, झरिया और बाघमारा के भाजपा नेताओं में एकरूपता नहीं हैं। सभी इसको लेकर एक दूसरे का टांग खींच रहे हैं। जबकि एक व्यक्ति एलबी सिंह हैं। जो इस रैली को भव्य बनाने में लगा है।

आश्चर्य है कि राज सिन्हा धनबाद से भाजपा के टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। लोग बताते है कि वे अपने ढंग से अपने-अपने मंडलों में इसके लिए बैठक कर चुके हैं। वहीं झरिया और बाघमारा में इस रैली को लेकर अब तक कोई बैठक ही नहीं हुई। जबकि धनबाद के गोल्फ ग्राउंड यानी रणधीर वर्मा स्टेडियम में होनेवाली परिवर्तन रैली में धनबाद, झरिया और बाघमारा के लोगों को ही सिर्फ भाग लेना है। आश्चर्य यह भी है कि धनबाद के राज सिन्हा, झरिया से भाजपा के टिकट की प्रबल दावेदार रागिनी सिंह और कल तक बाघमारा का प्रतिनिधित्व करनेवाले आज के धनबाद के दबंग भाजपा सांसद ढुलू महतो ने एक दूसरे से इस मुद्दे पर मिलने की भी कोशिश नहीं की और न ही समन्वय बनाया है।

भाजपा के एक नेता ने विद्रोही24 को यह बताया कि एलबी सिंह भाजपा का सदस्य भी नहीं हैं। लेकिन इन दिनों शुरु हुए मिस्ड काल में भाजपा का सदस्य हुआ होगा तो वे नहीं जानते। लेकिन आजकल वो खूलेआम भोजपुरी में कहता-फिरता रहता है कि 200 प्रतिशत टिकट फाइनल बा। लोग बताते है कि ढुलू महतो के साथ उसका इंटेक्ट भी हो गया है। अगर उसे धनबाद से राज सिन्हा के जगह पर टिकट मिल भी जाये तो किसी को अतिश्योक्ति नहीं होगी, क्योंकि अब भाजपा पार्टी विद डिफरेंस न होकर पार्टी विद् इंटेक्ट ऑफ करप्शन हो गई है। फिलहाल धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में कल होनेवाली रैली देखिये क्या गुल खिलाती है?