राजनीति

झारखंड का रूपाला बन रहे सजायाफ्ता धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू, भाजपा का झारखण्ड में करेंगे बेड़ा गर्क: अमर सिंह

झारखण्ड क्षत्रिय संघ जुगसलाई शाखा के कार्यकारी अध्यक्ष अमर सिंह ने आज विद्रोही24 से बातचीत में कहा कि झारखंड की राजनीति में सजायाफ्ता धनबाद के दबंग भाजपा सांसद ढुलू महतो को गुजरात का रुपाला बनाने की कोशिश की जा रही है। रूपाला की तरह ढुलू महतो भी किसी के मोहरा बन रहे है। विधायक सरयू राय का विरोध राजनीतिक हो सकता है, लेकिन सरयू राय के बहाने सभी सवर्णों को निशाना बनाना ढुलू महतो की ओछी मानसिकता को दर्शाता है।

अमर सिंह का कहना है कि सजायाफ्ता भाजपा सांसद ढुलू महतो झारखंड के आपराधिक छवि वाले नेता हैं, जिन पर कोर्ट ने भी गंभीर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि सच्चाई यही है कि ढुलू महतो विधानसभा में भी बैठने के लायक नहीं हैं। ऐसे में उसे रूपाला बनाकर भाजपा को रसातल में ले जाने की कोशिश की जा रही है। ये भाजपा के नेताओं को समझ लेना चाहिए।

अमर सिंह ने प्रदेश व केन्द्रीय भाजपा नेताओं को कहा कि वे ढुलू महतो पर लगाम लगाएं, नहीं तो भाजपा का लोकसभा चुनाव में जो हश्र हुआ, वही हाल झारखण्ड के विधानसभा चुनाव में हो जायेगा, क्योंकि जिस प्रकार का बयान ढुलू महतो ने जमशेदपुर में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास के भांजे के साथ बैठकर दिया हैं। वो बर्दाश्त करने योग्य नहीं हैं।

इधर राजनीतिक पंडितों का कहना है कि ढुलू महतो का रघुवर दास के भांजे दिनेश कुमार के साथ बैठकर प्रेस कांफ्रेस करना यह भी बता रहा है कि भाजपा में गुटबाजी किस कदर हावी है। होना तो यह चाहिए था कि ढुलू महतो भाजपा के जिलाध्यक्ष के साथ बैठकर प्रेस कांफ्रेस करते। लेकिन उन्होंने जातीय दांव खेलते हुए एक खास वर्ग को जो चुनौती देने का काम कर रहे हैं। कही ऐसा नहीं कि भाजपा को लेने के देने पड़ जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *