अपनी बात

चिलगोजों द्वारा जारी संभावित सूची को रांची के पत्रकारों ने सही मानकर फैलाया गंध, उधर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का दंभ भरनेवाली भाजपा ने कांग्रेस के एक नेता अजय नाथ शाहदेव के आगे नाक रगड़ना किया शुरू

अभी भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं हुई हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली व रांची में बैठे चालबाजी में निपुण नेताओं ने संभावित सूची अपने साथ रहनेवाले चिलगोजों द्वारा जारी करवा दी। जो हाथ लगी उन पत्रकारों को, जिनका इन चिलगोजों से मधुर संबंध रहा हैं। ये पत्रकार इन चिलगोजों से मिले संभावित सूची को इस प्रकार अपने अखबारों व चैनलों के माध्यम से लहरा रहे हैं, जैसे भाजपा की एक तरह से ये फाइनल सूची हैं। जबकि सच्चाई हैं कि इस संभावित सूची में लग गया तो तीर और नहीं लगा तो तुक्का वाली से ज्यादा कुछ भी नहीं।

चिलगोजों द्वारा प्रसारित इस संभावित सूची में कांग्रेसी नेता अजय नाथ शाहदेव का नाम हटिया से होने पर कांग्रेस और भाजपा के नेता/कार्यकर्ता भी अचरज में पड़ गये। चिलगोजों द्वारा यह भी हवा उड़ाया गया कि आज किसी भी समय कांग्रेस पार्टी के नेता अजय नाथ शाहदेव भाजपा कार्यालय जाकर भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। लेकिन भाजपा की सूची में अजय नाथ शाहदेव का नाम देखकर अतिप्रसन्न हुए अजय नाथ शाहदेव के लोगों का कहना था कि अजय नाथ शाहदेव तभी भाजपा में शामिल होंगे, जब भाजपा की पक्की सूची में अजय नाथ शाहदेव का नाम होगा।

राजनीतिक पंडितों का कहना है कि पहली बार देखा जा रहा है कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी कही जानेवाली भाजपा के बड़े-बड़े नेता अजय नाथ शाहदेव के आगे नाक रगड़ रहे हैं कि वे भाजपा में शामिल हो। अजय नाथ शाहदेव को भरोसा दिला रहे हैं कि उनका नाम पक्की सूची में भी शामिल कर लिया गया है। राजनीतिक पंडित बता रहे हैं कि अजय नाथ शाहदेव ने भी कह दिया है कि जब तक उन्हें पक्का भरोसा नहीं हो जाता। वे भाजपा में शामिल नहीं होंगे। क्योंकि पूर्व में भी भाजपा ने यह कहकर उन्हें भाजपा में शामिल किया था कि भाजपा उन्हें हटिया से टिकट देगी। लेकिन ऐन मौके पर दूसरे को टिकट थमा दिया गया और उनके साथ भाजपा के लोगों ने धोखाधड़ी की थी।

इस बार वे भाजपा के पहलेवाले धोखे कि तरह धोखा खाने को तैयार नहीं हैं। इधर भाजपा के कुछ नेताओं का कहना है कि भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं द्वारा अजय नाथ शाहदेव के आगे नाक रगड़ने पर धीरे-धीरे अजय नाथ शाहदेव का मन बदल रहा हैं। हो सकता है कि वे कल भाजपा ज्वाइन भी कर लें। साथ ही कल भाजपा की फाइनल सूची भी जारी हो जाये। इधर अजय नाथ शाहदेव के अचानक फिर से भाजपा में ज्वाइन कराकर, उन्हें भाजपा से टिकट देने की कोशिश का बड़ा प्रभाव भाजपा के निचले स्तर के कार्यकर्ताओं पर पड़ा हैं।

उन सभी कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा इस बार हटिया सीट हारेगी और इसे हराने का काम वे लोग दिल से करेंगे, क्योंकि भाजपा के नेता उन्हें बंधुआ मजदूर से ज्यादा कुछ नहीं समझ रहे हैं। ऐसे में इन भाजपा के प्रदेश व केन्द्रीय नेताओं को बताना होगा कि वे लोग क्या हैं? दूसरी ओर रांची से नवीन जायसवाल को टिकट दिये जाने पर भाजपा कार्यकर्ता खफा है। एक भाजपा कार्यकर्ता ने तो सोशल साइट पर साफ लिख दिया कि कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान हो। रांची विधानसभा।

एक कार्यकर्ता ने चिलगोजों द्वारा जारी भाजपा की इस संभावित सूची पर यह भी लिख दिया कि किसी दिन ये भी खबर मिल सकता है हेमन्त सोरेन भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता चुने गये। यहां कुछ भी संभव है। कुल मिलाकर देखा जाये, तो अब तो राजनीतिक पंडितों ने साफ कह दिया कि अगर ये संभावित सूची है और इसे फाइनल सूची मान लिया जाये तो भाजपा यहां पांच सीट भी नहीं जीत पायेंगी, क्योंकि इनके उम्मीदवार तो नगर परिषद के चुनाव लड़ने लायक तक नहीं हैं। इससे झामुमो कही ज्यादा मजबूत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *