सरयू राय को मिला वर्ष 2024 का राष्ट्रीय अंबेडकर अवार्ड, जमशेदपुर स्थित आवास पर प्रख्यात मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी अनिल बांसफोर ने सौंपा यह अवार्ड
जमशेदपुर पश्चिम के जदयू विधायक सरयू राय को वर्ष 2024 के राष्ट्रीय अंबेडकर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। शनिवार को उनके बिष्टुपुर स्थित आवास/कार्यालय में अंबेडकर स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स के अध्यक्ष सह मुख्य प्रशिक्षक अनिल बांसफोर ने उन्हें यह अवार्ड प्रदान किया। गौरतलब है कि यह अवार्ड हर साल बहुजन साहित्य अकादमी की ओर से दिया जाता है।
अनिल बांसफोर ने बताया कि बहुजन साहित्य अकादमी का राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली के आंध्र भवन में पिछले दिनों 15 दिसंबर 2024 को आयोजित हुआ था। जिसमें वे भी प्रमुख रूप से शामिल हुए थे। श्री बांसफोर, बहुजन साहित्य अकादमी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने बताया कि श्री राय के झारखंड में योगदान के मद्देनजर, खास कर गरीबों, पिछड़ों, दलितों और शोषितों की जिस तरीके से उन्होंने मदद की, उसके आलोक में उन्हें यह प्रतिष्ठित अवार्ड दिया गया है।
चूंकि श्री राय इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपरिहार्य कारणों वश दिल्ली नहीं पहुंच पाए थे, इसलिए अनिल बांसफोर की टीम ने आज श्री राय के जमशेदपुर निवास पर उन्हें यह अवार्ड दिया। बताया जाता है कि अनिल बांसफोर श्री राय की प्रेरणा और मदद से ही हांगकांग में खेलने जा सके थे। सरयू राय को मिले इस प्रतिष्ठित एवार्ड पर स्थानीय नागरिकों ने उनकी जमकर सराहना की।