राजनीति

रांची में झामुमो का दो दिवसीय 13वां महाधिवेशन प्रारंभ, हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखण्ड के करोड़ों लोग ही, उनकी पार्टी की असली ताकत

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अध्यक्षता में रांची में आयोजित झारखण्ड मुक्ति मोर्चा क 13वां महाधिवेशन आज प्रारंभ हुआ। इस दो दिवसीय महाधिवेशन को संबोधित करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखण्ड ही नहीं, पूरे देश-दुनिया के लोग दिशोम गुरु को आदर-सम्मान की नजरों से देखते हैं। दिशोम गुरुजी जी के नेतृत्व तथा असंख्य क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान के बाद ही हमें झारखण्ड अलग राज्य मिला।

उन्होंने महाधिवेशन में सम्मिलित अपने पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिशोम गुरु ने झारखण्ड मुक्ति मोर्चा का जो विशाल पेड़ लगाया है, और जिस पेड़ की जड़ें झारखण्ड के घर-घर में फैली हुई हैं, उसे सींचने का काम हमें करना है। हमारे अगुआ नेताओं के संघर्ष को सम्मान देने का काम हमें ही करना है। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने हमेशा गरीब, शोषित और वंचित वर्ग के लोगों का प्रतिनिधित्व किया है।

उन्होंने कहा कि गुरुजी के नेतृत्व में अलग राज्य की लड़ाई लड़ी गयी, हमें अलग राज्य भी मिला। राज्य के लोगों ने सोचा कि अब हमारा सर्वांगीण विकास होगा। लेकिन राज्य का विकास चुनी हुई सरकार द्वारा ही संभव हो सकता है। यह हमलोगों का दुर्भाग्य था कि राज्य बनने के बाद राज्य की बागडोर जिनके हाथों में थी, उन्हें यहां के आदिवासियों-मूलवासियों, झारखण्डवासियों से कोई मतलब ही नहीं था।

उन्होंने कहा कि 2019 में तब राज्य की जनता के आशीर्वाद से हमें नेतृत्व करने का अवसर मिला, उसमें भी विपक्षी दलों के भारी-भरकम नेताओं ने कई बार राजनीति का स्तर नीचे गिराते हुए, झारखण्ड को पीछे ले जाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल न हो सके। क्योंकि आप सभी जानते है कि झारखण्ड न कभी डरा, न कभी झुका हैं।

उन्होंने कहा कि आज राज्य की जनता के आशीर्वाद और झामुमो के जुझारु सिपाहियों की मेहनत की बदौलत हमने – अपने आप को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बोलने वाले दल – को हराने का काम किया है। राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनने का आशीर्वाद हमें मिला है।  यहां यह आप सभी साथी भी महसूस कर रहे होंगे कि आज हमारे महाधिवेशन में पूर्व से बेहतर भव्यता है, इसी प्रकार हमें राज्य के लोगों के लिए भी दिन-रात काम कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

उन्होंने कहा कि झारखण्ड के हक-अधिकार के लिए हुए आंदोलन से उपजी पार्टी है झारखण्ड मुक्ति मोर्चा। झारखण्ड और झारखण्डवासियों को आगे ले जाने का काम भी हमें ही करना है। इसे दूसरा कोई कर भी नहीं सकता, क्योंकि झारखण्डियों के दर्द को उनकी सोच को हम से बेहतर और कौन सोच सकता हैं, महसूस कर सकता है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड के करोड़ों लोग ही झामुमो की ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *