राजनीति

ठगबाज भाजपा से पूछिये कि झारखण्ड में 2100 रुपये देने की बात करनेवाले ओडिशा में उनकी सरकार महिलाओं को कितना दे रही है और 15 लाख सबके खाते में देने की घोषणा का क्या हुआः हेमन्त

जमशेदपुर में नवनिर्मित एम जी एम (MGM) हॉस्पिटल बिल्डिंग का उद्घाटन और ओपीडी (OPD) के शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के क्षेत्र में झारखण्ड आगे बढ़ चला है। ठगबाज भाजपा मुगालते में न रहे। भाजपा को लगता है कि झूठा फॉर्म भरवा कर लोगों को ठगने की कोशिश में वह सफल हो जाएगी, तो झारखण्ड की हमारी मां-बहनें उसके किसी भी प्रकार के झांसे में नहीं आनेवाली। भाजपा बोलती है कि वो 2100 रुपये देगी। भाजपा यह बताये कि उनकी ओडिशा में सरकार महिलाओं को कितना पैसा दे रही है?

उन्होंने कहा कि झूठी भाजपा का झूठा आश्वासन झारखण्ड में नहीं चलेगा। आज राज्य की महिलाओं को सम्मान मिल रहा है, महिलाओं के खाते में सम्मान राशि जा रहा है। दो किस्त तो चला भी गया है। आने वाले दो-तीन दिनों में हम तीसरा क़िस्त भी लाखों दीदी-बहनों के खाते में डालने वाले हैं ताकि उनका दुर्गा पूजा का त्योहार खुशीपूर्वक मन सके।

उन्होंने कहा कि विपक्षियों ने इस योजना को बंद करने के लिए कोर्ट में आवेदन डाला है। हम स्थानीय के लिए नियोजन नीति बनाते हैं तो कोर्ट में जाकर उसे भी विपक्ष के लोग असंवैधानिक घोषित करा देते हैं। बड़ी विचित्र स्थिति है। अब भाजपा के लोग झूठा फॉर्म भरवा रहे हैं। बोलते हैं 2100 रुपये देंगे। पूछिये इनसे ओडिशा में कितना दे रहे हैं? कितने समय के लिए दे रहे हैं? ये लोग झूठा आश्वासन, झूठा राशन देने में आगे हैं। बोले थे विदेश से काला धन लाएंगे और सबके खाते में ₹15-15 लाख डालेंगे। बताएं किसके खाते में 15 लाख रुपया आया?

उन्होंने कहा कि गरीब गुरबा को अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से आपकी राज्य सरकार द्वारा लाभ प्रदान किया जा रहा है। किसानों का 2 लाख रुपये तक का ऋण माफ किया गया। गरीबों का बकाया बिजली बिल माफ किया गया। 200 यूनिट तक बिजली भी मुफ्त कर दी गई। उन्होंने कहा कि आप सभी को याद होगा कि जब आपकी सरकार का गठन दिसंबर 2019 में हुआ था। उस समय सरकार के गठन के बाद ही एक वैश्विक बीमारी ने पूरी दुनिया को चपेट में ले लिया था। अचानक केंद्र सरकार का आदेश लॉकडाउन का हुआ और वह ऐसा आदेश था, जिससे पूरा भारत देश जहां का तहां खड़ा रह गया।

आपको पता होगा कि देश के लोगों को कोरोना से सुरक्षित करने का काम झारखण्ड ने किया। पूरे देश को ऑक्सीजन सप्लाई करने में झारखण्ड नंबर एक रहा। हम ऑक्सीजन देकर पूरे देश के लोगों की जान बचाने का काम करते थे और दूसरी ओर, झारखण्ड के लोगों के तन में कपड़ा नहीं रहता था, दो वक्त का अनाज नहीं रहता था। बड़ी चिंता का विषय था। हमने लाखों लोगों को रोटी, कपड़ा और मकान का हक़-अधिकार देने का काम किया। कोरोना के समय आपका यही बेटा और भाई आपके साथ खड़ा था।

उन्होंने कहा कि यहां के लोग दूसरे जगह काम करने जाते हैं, इसलिए आपकी सरकार ने कानून बनाया कि यहां जो उद्योग हैं उसमें 75% स्थानीय युवाओं को नियोजित करना होगा। उसके अंतर्गत हजारों युवाओं को ऑफर लेटर भी दिया गया। एमजीएम जमशेदपुर का 500 बेड का यह अस्पताल और ओपीडी सेंटर आने वाले समय में कोल्हान और समीपवर्ती जनता के लिए स्वास्थ्य सेवा में नए आयाम गढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि आज कोल्हान और पूर्वी सिंहभूम क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। 500 बेड का एक भव्य अस्पताल यहां के लोगों को समर्पित किया जा रहा है। वर्षों से टाटा शहर में अवस्थित अस्पताल जनता की सेवा में था। वर्षों पुराना होने की वजह से उसकी स्थिति बेहद खराब होती जा रही थी। ऐसे में वादे के अनुरूप एक नया मेडिकल कॉलेज अस्पताल आपकी सरकार ने कोल्हान की जनता को समर्पित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *