अपराध

बड़ी सफलताः बोकारो के लुगू पहाड़ में सुरक्षा बलों के जवानों ने आठ नक्सलियों को मार गिराया, मारे गये नक्सलियों में एक करोड़ का इनामी उग्रवादी विवेक भी, चार इंसास, एक SLR और एक रिवाल्वर भी बरामद

झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने कहा कि आज प्रातः संयुक्त बलों जैसे 209 कोबरा, बोकारो पुलिस, झारखंड जगुआर एवं सी०आर०पी०एफ० द्वारा बोकारो जिला अंतर्गत लुगू पहाड़ इलाके में एक विशेष संयुक्त अभियान “डाकाबेड़ा” चलाया गया। जिसमें माओवादियों के गढ़ में घुसकर जाबांज जवानों ने आठ माओवादियों को मार गिराया हैं।

मारे गये माओवादियों में एक करोड़ का इनामी उग्रवादी विवेक उर्फ प्रयाग मांझी, स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अरविंद यादव और दस लाख का इनामी उग्रवादी साहब राम मांझी भी शामिल हैं। अनुराग गुप्ता ने बताया कि इनसे चार इंसास, एक एसएलआर और एक रिवाल्वर भी बरामद हुए हैं। शेष पांच मृत नक्सलियों की पहचान हेतु अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। सर्च अभियान अभी जारी है। अग्रतर कार्रवाई की जानकारी अभियान के पश्चात अलग से दी जायेगी।

उन्होंने कहा कि उन्होंने वायदा किया था कि वे सभी शहीद जवानों का बदला लेंगे और नक्सलियों को झारखण्ड से उखाड़कर फेंक देंगे। उसी की यह एक कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि आज के डेट में उनके पास हर उग्रवादी की पूरी जानकारी उपलब्ध हैं, साथ ही उन सभी का लोकेशन तक प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि वे उग्रवादियों को चेतावनी दे रहे हैं कि जो हथियार उठाकर झारखण्ड में घूम रहे हैं। वे जल्द से जल्द सरेंडर कर दें, क्योंकि वे उनके बारे में सब कुछ जानते हैं।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि ये नक्सली कहां बैठते हैं, कहां खाते हैं, कहां छूपते हैं, किससे मिलते हैं, किससे वसूली करते हैं। उन्हें सब पता है। इसलिए जो बचे-खुचे चाईबासा के सारंडा के जंगलों में हैं। उनसे अपील के साथ-साथ वार्निंग भी है कि यदि उन्हें अपनी जान प्यारी है, देश के इस राज्य, शहर, जिले में अमन और शांति चाहते हैं, तो सरेंडर करें।

उन्होंने कहा कि हमारी बहुत ही सुंदर सरेंडर पॉलिसी है। जो सरेंडर करते हैं, उन्हें नियमित जेलों में नहीं रखा जाता। उनके लिए स्पेशल जेल बना हुआ है। जो एमाउंट उनके लिए रखा गया हैं, वो उन्हीं को मिलता है। आज का एनकाउंटर एक चेतावनी भी हैं और उनके लिए एक अवसर लेकर भी आया है। पुलिस महानिदेशक ने इस अभियान में लगे सारे जवानों को इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *