राजनीति

मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को मिली अप्रत्याशित सफलता इस बात की जनता की ओर से गारंटी, 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा की हैट्रिक तयः नरेन्द्र मोदी

तीन राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मिली अप्रत्याशित सफलता व तेलंगाना जैसे राज्य में शानदार उपस्थिति से गदगद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज तीन प्रदेशों में भाजपा की शानदार जीत इस बात के संकेत हैं कि 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा की हैट्रिक सुनिश्चित है और यह जनता की ओर से मिली गारंटी है।

उन्होंने यह भी कहा कि आज की तीन राज्यों में भाजपा को मिली जीत, इस बात की भी गारंटी है कि जनता ने भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है और वह इन तीनों मुद्दों पर जीरो टोलरेंस अपना चुकी है। नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जनता जान चुकी है कि देश को भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद से सिर्फ भाजपा ही मुक्ति दिला सकती है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज की यह जीत ऐतिहासिक और अभुतपूर्व है। यह सबका साथ, सबका विकास के भावना की जीत है। यह विकसित भारत की भावना की जीत है। यह आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की जीत है। यह वंचितों के वरीयता के विचार की जीत है। यह भारत के विकास के लिये राज्यों के विकास की जीत है। यह ईमानदारी, पारदर्शिता व सुशासन की जीत है। यह जनता का भाजपा के प्रति स्नेह की जीत है। आज की जीत से हमें यह विश्वास और बढ़ जाता है, खासकर व्यक्तिगत रुप से कि उनके प्रति हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि जब-जब चुनाव आता है, तो देश के कुछ दल जातिवाद की राजनीति करनी शुरु कर देते हैं, जबकि उनकी नजरों में देश में सिर्फ चार जातियां है। पहला नारी शक्ति, दूसरा युवा शक्ति, तीसरा किसान परिवार और चौथा गरीब परिवार। इन चार जातियों को सशक्त करने से ही भारत सशक्त होगा। आज की जीत से हर नागरिक को लग रहा है कि यह उसकी जीत है। उन्होंने कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक चाहता है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र के रुप में दिखाई दें। जनता यह भी जानती है कि यह काम सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को नारी शक्ति का आशीर्वाद प्राप्त है और जब देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद जब भाजपा को प्राप्त है तो भला भाजपा को कौन पराजित कर सकता है। उन्होंने कहा कि देश का तबका को यह विश्वास हो चला है कि भाजपा ही उसकी समस्याओं का हल निकाल सकती है और यह मोदी की गारंटी है कि जो हम कहते हैं, उसे पूरा करते हैं, हम कोई ऐसा वादा नहीं करते, जो कर नहीं सकते। आज के चुनाव परिणाम से केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया हतप्रभ है। इस चुनाव परिणाम का असर निश्चय ही भारत के विकास पर पड़ेगा, उसकी आर्थिक विकास पर पड़ेगा।