अपनी बात

उत्तरकाशी में हुए टनल हादसे से सुरक्षित रेस्क्यू किए गए झारखंड के 15 श्रमिकों से अपने आवास पर CM हेमन्त ने की मुलाकात, हरसंभव सहायता देने का दिलाया भरोसा

उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी स्थित यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल हादसे में पिछले कई दिनों से फंसे झारखण्ड के 15 श्रमिक सुरक्षित रेस्कयू कराये जाने के बाद आज रांची लौटे। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उन्हें एयरलिफ्ट कराकर आज रांची बुलवाया और उनसे अपने आवास पर मुलाकात की।

श्रमिकों का समूह अपने बीच राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को पाकर गदगद दिखा, साथ ही अपने बीच के श्रमिकों को अपने पास पाकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी प्रसन्न मुद्रा में नजर आये। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी श्रमिकों का अपने आवास पर अभिनन्दन किया और उनसे उनके अनुभव प्राप्त किये।

ज्ञातव्य है कि जैसे ही उत्तरकाशी में हुए टनल हादसे का पता चला था, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने तीन अधिकारियों का एक शिष्टमंडल हादसे में फंसे अपने राज्य के श्रमिकों की बेहतर सेवा-सहायता के लिए भेज दिया था। राज्य के अधिकारियों ने वहां पहुंचकर टनल में फंसे झारखण्ड के श्रमिकों से पाइपलाइन के माध्यम से बातचीत कर उन्हें ढाढ़ंस बंधाने के साथ-साथ, उनके परिजनों को भी बेहतर सुविधा प्रदान करने का हरसंभव प्रयास किया था।

यही नहीं राज्य में रह रहे उनके परिजनों को भी हर संभव सहायता के राज्य का श्रम विभाग सक्रिय दिखा। आज जैसे ही विमान से रांची एयरपोर्ट पर 15 श्रमिक पहुंचे, राज्य के श्रम मंत्री ने उन सारे श्रमिकों का एयरपोर्ट पर स्वागत किया फिर उन्हें मुख्यमंत्री आवास लाकर, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मिलवाया। इधर अपने आवास पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी श्रमिकों से मिलने के लिए उत्साहित दिखे तथा अपने पास उन्हें पाकर खुशियां बांटी। इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, भाकपा माले के विधायक विनोद सिंह भी मौजूद थे।