राजनीति

CM हेमन्त सोरेन ने कहा – IPS में प्रोन्नति मिली, अब कर्म क्षेत्र में जिम्मेदारी का भी निर्वहण करें, उधर सरोजिनी लकड़ा व अमेल्डा एक्का को उसकी उपलब्धि पर मिली सराहना

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय के सभागार में आयोजित पिपिंग सेरेमनी कार्यक्रम में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में नवप्रोन्नत राज्य पुलिस सेवा के 24 पुलिस अधिकारियों को बैज लगाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के लिए सुनहरा अवसर तथा ऐतिहासिक क्षण है, जब झारखंड पुलिस सेवा के 24 अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग में कई बार फाइल मूवमेंट के समय अधिकारियों द्वारा यह बताया गया कि राज्य पुलिस सेवा के प्रोन्नति से संबंधित फाइल सांप-सीढ़ी की तरह ऊपर-नीचे हो रहा है। कार्यपालिका नियम-कानून के तहत अपना कार्य कर रही है, परंतु प्रोन्नति से संबंधित फाइल तेज गति से आगे नहीं बढ़ रहा है।

तभी मैंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रोन्नति से संबंधित फाइल में मैं कितनी बार साइन करूँ? मेरी जिज्ञासा थी कि आखिर प्रोन्नति कब मिलेगी, राज्य सरकार द्वारा इस पर गंभीरता पूर्वक कार्य किया गया अंततोगत्वा आज प्रोन्नति का सुखद क्षण हमारे बीच आया और राज्य पुलिस सेवा के 24 अधिकारियों का भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में प्रोन्नति मिलने का सपना पूरा हुआ

दो महिला अधिकारियों के कांस्टेबल से IPS बनने तक का सफर पुलिस कर्मियों के लिए बनेगा प्रेरणास्रोत 

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड के इतिहास में पहली बार यह क्षण आया है जब इतनी बड़ी संख्या में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत हुए 24 अधिकारियों में से दो ऐसी महिला अधिकारी सरोजिनी लकड़ा एवं अमेल्डा एक्का हैं, जो महज कॉन्स्टेबल पद से आईपीएस बनने तक का लम्बा सफर तय किया है।

इन दोनों महिला आईपीएस अधिकारियों का सफर राज्य पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत एवं मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य में लगभग 158 आईपीएस के पद निर्धारित हैं, जिसमें से 110 पद सीधे यूपीएससी से रिक्रूट होते हैं वहीं 48 पदों पर राज्य पुलिस सेवा के पदाधिकारी प्रोन्नत होकर आईपीएस सेवा में शामिल होते हैं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आज जो नव प्रोन्नत 24 आईपीएस अधिकारी राज्य को मिल रहे हैं, ये झारखंड में विधि-व्यवस्था संधारण में मजबूती लाने के साथ-साथ पुलिस विभाग में अधिकारियों की कमी को कुछ हद तक भरने में सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने शुरुआती दिनों से ही राज्य में विभिन्न सेवा के कर्मियों एवं पदाधिकारियों को उनके हक और अधिकार देने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई संवर्गों में तो लोग प्रभारी के रूप में कार्य करते-करते सेवानिवृत्त हो गए और उनके प्रोन्नति से संबंधित फाइलें रुकीं रह गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रोन्नति से संबंधित समस्याओं को निपटाने का काम किया है। अब राज्य सरकार के कर्मियों को नियमानुसार प्रोन्नति मिलनी शुरू हो गई है।

मुख्यमंत्री ने नव प्रोन्नत भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों से कहा कि आप अपने कर्म क्षेत्र में निर्भीक होकर जिम्मेदारी का निर्वहन करें, राज्य सरकार झारखंड की आम जनमानस के साथ-साथ सरकार के अधिकारियों का भी मान-सम्मान एवं अधिकार का पूरा ख्याल रखेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने सरकारी कर्मियों को पुरानी पेंशन की सौगात दी है। हमारे राज्य में कुछ ऐसे सरकारी कर्मी हैं जो अब रिटायरमेंट के कगार पर हैं और वे काफी खुश और उत्सुक दिख रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि राज्य सरकार अब उन्हें पुरानी पेंशन का लाभ देगी, जो बुढ़ापे की लाठी के रूप में सेवानिवृत्त कर्मियों को जीवन भर सहायता करेगी।