अपनी बात

नहीं थम रहा धनबाद भाजपा में विवाद, अपने ही जिला व प्रदेश स्तर के नेताओं पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगाये गंभीर आरोप, कहा इन्हीं सभी से त्राण दिलाने के लिए करा रहे शुद्धिकरण यज्ञ

धनबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला से लेकर प्रदेश स्तर के नेताओं की नींद उड़ा दी हैं। भाजपा नेताओं के गलत आचरण व उनके द्वारा किये जा रहे पार्टी विरोधी कार्यों से क्षुब्ध भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर शुद्धिकरण यज्ञ संपन्न किया। इस यज्ञ में बड़ी संख्या में निष्ठावान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अपने ही पार्टी के अंदर दलित विरोधी, पदलोलूप नेताओं व गुंडागर्दी कर रहे नेताओं के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

इधर बताया जा रहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जारी इस आक्रोश को देखते हुए कल रांची के साथ-साथ, उत्तर प्रदेश, प. बंगाल आदि राज्यों से बड़े-बड़े नेताओं की एक टीम धनबाद पहुंच रही हैं। रांची व धनबाद में भाजपा को नजदीक से देखनेवाले राजनीतिक पंडितों का कहना है कि इसमें एक ऐसा व्यक्ति भी पहुंच रहा हैं, जो प्रदेश का महामंत्री है, जिसका कोई जनाधार ही नहीं हैं, लेकिन पार्टी के प्रदेश स्तर के नेताओं ने उसे बड़ा बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रखी हैं, ये अभी नया-नया राज्यसभा का सदस्य भी बना है।

धनबाद के एक राजनीतिक पंडित का कहना है कि भाजपा के ही एक पूर्व में प्रदेश में संगठन मंत्री रहे संघ के एक अधिकारी पिछले दिनों झारखण्ड के दौरे पर थे। वे भी इस बात को लेकर आश्चर्यचकित थे, कि जिस व्यक्ति को उन्होंने अपने समय में कभी देखा ही नहीं, वो इतना जल्दी राज्यसभा कैसे पहुंच गया? मतलब अब पूरे प्रदेश भाजपा में भंग पड़ चुकी हैं। इसका मतलब है कि भाजपा को अब कोई नहीं बचा सकता। शायद यही कारण रहा कि भाजपा के ही कई बड़े-बड़े पदों पर रहनेवाले धनबाद के ही कई नेताओं ने भाजपा से सदा के लिए दूरियां बना ली।

शुद्धिकरण यज्ञ में शामिल एक भाजपा कार्यकर्ता ने अपने ही जिलाध्यक्ष श्रवण राय पर आरोप लगाया कि वो पैसा लेकर पदों को बांटा हैं। उसने दलितों का शोषण भी किया है। उसने यह भी कहा कि श्रवण राय ने एक ही परिवार से दो-दो लोगों को पद थमा दिया। इसका मतलब लाभ के लिए पद बांटा गया।

उस कार्यकर्ता ने यह भी कहा कि अब तो दबंग महिला भाजपा नेता जो जिला मंत्री हाल ही में बनाई गई। उसने समाज के प्रतिष्ठित लोगों का जीना तक हराम कर दिया है। जिसके कृत्यों की वीडियो पूरे धनबाद में वायरल हैं। ऐसे में हमलोगों के पास शुद्धिकरण यज्ञ कराने के सिवा और दूसरा क्या विकल्प है। हो सकता है कि इस शुद्धिकरण यज्ञ के प्रभाव से जिलास्तर से लेकर प्रदेशस्तर तक के नेताओं को सद्बुद्धि आये और वे सही मार्ग पर आकर भाजपा को टूटने से बचाने में अपना सहयोग दें।

एक कार्यकर्ता ने विद्रोही 24 को कहा कि यहां तो ऐसे लोगों को दायित्व दे दिया गया है। जो उस दायित्व के योग्य ही नहीं, पता नहीं प्रदेशस्तर के नेताओं को उस व्यक्ति में क्या सूझा कि उसे इतना बड़ा महत्वपूर्ण पद थमा दिया। उसका कहना था कि भाजपा फिलहाल अनेक विसंगतियों और गंदगियों से होकर गुजर रही हैं, संभल गई तो ठीक हैं। नहीं तो इसका हाल तो कांग्रेस से भी बदतर हो जायेगा, क्योंकि धनबाद से लेकर रांची तक का जो हाल हैं, वो भाजपा का सत्यानाश करनेवाला है। कल जो लोग मीटिंग करने आ रहे हैं, उनके आने से भी क्या हो जायेगा, अगर वे लकीर के फकीर हो और बदलाव को तैयार न हो।