राजनीति

इधर धनबाद और उधर दुमका में भाजपा के जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग को लेकर अड़े भाजपा कार्यकर्ता, विधानसभा चुनाव में भाजपा को लग सकता है झटका

भाजपा की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही। इधर धनबाद का मामला शांत ही नहीं हुआ, उधर दुमका गरमा गया है। दुमका के कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता इस मांग को लेकर अड़ गये कि भाजपा के जिलाध्यक्ष गौरव कांत और महामंत्री मनोज पांडे को अविलम्ब बर्खास्त किया जाये। यहां धनबाद में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने हीरापुर के अग्रसेन भवन में एक मीटिंग की और धनबाद जिलाध्यक्ष श्रवण राय, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह और धनबाद भाजपा विधायक राज सिन्हा के खिलाफ आग उगला।

दुमका के कई भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि दुमका का भाजपा जिलाध्यक्ष गोड्डा लोकसभा क्षेत्र का क्यों होगा? क्या दुमका में आदमी की कमी है। राजनीतिज्ञों की कमी है। जो व्यक्ति मनमानी करता हैं। जो कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देने में भी सक्षम नहीं हैं। ऐसे व्यक्ति को जिलाध्यक्ष बना दिया गया है। हम ऐसे लोगों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से भी करेंगे।

एक कार्यकर्ता का कहना था कि दुमका लोकसभा चुनाव में जो भाजपा की हार हुई, उसके मूल में भी यही लोग थे, जिन्हें आज पद दे दिया गया है। इधर धनबाद में कई भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं ने वर्तमान जिलाध्यक्ष श्रवण राय पर गंभीर आरोप लगाये। उधर प्रदेश मंत्री सरोज सिंह के खिलाफ भी विषवमन किया। इनका कहना था कि जो प्रदेश में मंत्री हैं, वो धनबाद के स्थानीय मुद्दों पर क्यों बोल रहा हैं। हस्तक्षेप करता है। वो प्रदेश का मंत्री हैं, प्रदेश देखें।

भाजपा कार्यकर्ता अपने ही धनबाद विधायक से भी खफा थे। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे अपने जिलाध्यक्ष श्रवण राय, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह और विधायक राज सिन्हा के खिलाफ आंदोलन जारी रखेंगे और अपनी लड़ाई को जहां तक हो सकेगा, ले जायेंगे। जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि भाजपा में इन दिनों हर जगह आग लगी हुई हैं। लेकिन इसे बुझाने के बदले प्रदेश के नेता हवा देने में लगे हैं। इसका खामियाजा अंत में भाजपा के बड़े नेताओं को ही भुगतना पड़ेगा, जब वे विधानसभा चुनाव में एक-एक सीट के लिये तरस जायेंगे।

One thought on “इधर धनबाद और उधर दुमका में भाजपा के जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग को लेकर अड़े भाजपा कार्यकर्ता, विधानसभा चुनाव में भाजपा को लग सकता है झटका

  • Biswajit Sarkar

    दुमका जिला भाजपा संगठन मन मानी ढंग से चल रहा है, जब तक भाजपा का पुरना कर्यकर्ता का सम्मान नहीं मिलेगा तब तक दुमका जिला का यही हाल होगा। पूरा कमिटी भंग होना चाहिए। नही तो विधान सभा जितना मुस्किल हो जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष को तुरंत कारवाई करना चाहिए।
    *BJP जिंदाबाद*🙏

Comments are closed.