राजनीति

सरायकेला-खरसावां के जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव को हटाने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय आ धमके, शीर्षस्थ नेताओं को दिया अल्टीमेटम जिलाध्यक्ष को हटाएं, नहीं तो भाजपा का नुकसान कराने के लिए रहे तैयार

अभी तक तो भाजपा जिलाध्यक्षों के खिलाफ जिला में ही विरोध-प्रदर्शन होता था। लेकिन अब यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश कार्यालय तक पहुंच गया। आज भाजपा प्रदेश कार्यालय के समक्ष सरायकेला-खरसावां के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव को हटाने के लिए विरोध-प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान इन कार्यकर्ताओं ने लाल कृष्ण आडवाणी अमर रहे का नारा भी लगा दिया। जो यहां चर्चा का विषय बन गया।

सरायकेला-खरसावां से आये भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि नये बने जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव का भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ व्यवहार ठीक नहीं हैं। वे भाजपा कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का ख्याल नहीं रखते। वे अपनी मनमर्जी से पार्टी को सरायकेला-खरसावां में चलाना चाहते हैं। जो बर्दाश्त के बाहर है। उनके इसी व्यवहार के कारण भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता अपमानित महसूस कर रहे हैं।

जिसके कारण भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रदेश मुख्यालय आकर अपने शीर्षस्थ नेताओं से बात करनी पड़ रही हैं। धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। इन कार्यकर्ताओं का कहना था कि उदय प्रताप सिंहदेव सरायकेला-खरसावां के जिलाध्यक्ष बनने योग्य नहीं हैं। ये अव्यवहारिक है। इन्हें अपने कार्यकर्ताओ से कैसे पेश आना हैं, पता ही नहीं। अगर पार्टी ने चुनाव के पहले इन्हें नहीं हटाया तो पार्टी का नुकसान होना तय है।

इन कार्यकर्ताओं का यह भी कहना था कि प्रदेश के शीर्षस्थ नेताओं को चाहिए कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की मांग को देखते हुए जल्द उदय प्रताप सिंहदेव को जिलाध्यक्ष पद से हटाएं, ताकि सरायकेला-खरसावां में भाजपा कार्यकर्ताओं का बढ़ता आक्रोश थमें। आज के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी आई थी और वो अपना विरोध भी दर्ज करा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *