अपनी बात

अगर यही हाल रहा तो आगामी लोकसभा चुनाव में पीएम नरेन्द्र मोदी की चुनावी सभा में भीड़ के भी लाले पड़ जायेंगे, लोकसभा की सीट निकालना तो दूर की बात है

हाहाहाहाहाहाहाहा, ये भाजपाई नेता भाजपा को लोकसभा में झारखण्ड की 14 सीटें दिलवायेंगे, यानी जिनकी झारखण्ड में कोई पहचान नहीं, जिन्हें झारखण्ड का समर्पित भाजपा कार्यकर्ता जानता तक नहीं, जो नेता अपने ही पार्टी के कार्यकर्ताओं से दूरियां बनाकर चलता है और बाद में उन्हीं कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने के लिए कभी अल्पाहार तो कभी चाय तो कभी पता नहीं क्या-क्या आयोजन कर चर्चा करवाता हैं।

ऐसा कर वो समझता है कि वो भाजपा को झारखण्ड में मजबूत कर चुका है, पर स्थिति ऐसी है कि इस बार झारखण्ड की सभी 14 सीटों पर इनकी अकर्मण्यता व मूर्खता की वजह से झामुमो, राजद व कांग्रेस बहुत तेजी से मजबूत होती जा रही है और इन्हें पता तक नहीं चल पा रहा। ये समझ रहे हैं कि बड़े-बड़े बिल्डरों, पूंजीपतियों के उनके दामन थाम लेने से वे मजबूत हो गये, जबकि इन्हीं सभी कारणों से भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बड़ी फौज इनसे बहुत ज्यादा नाराज हो चली है, स्थिति ऐसी है कि आनेवाले समय में पीएम नरेन्द्र मोदी की सभा में भी भीड़ के लाले पड़ जायेंगे।

इसी दो जून को भाजपा के संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह चंदवा लातेहार में चतरा लोकसभा और जिला कार्यालय लोहरदगा में लोहरदगा लोकसभा के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। बैठक में वे सभी को महाजनसम्पर्क अभियान की जानकारी दे रहे थे और उस महत्वपूर्ण बैठक में कितने लोग मौजूद थे। मैं उसका फोटो इसके नीचे दे दे रहा हूं। आप खुद गिन लीजिये और भाजपा के वर्तमान ताकत का अंदाजा लगा लीजिये। पता लग जायेगा कि भाजपा कितनी पानी में हैं।

यानी ये तो रही कर्मवीर सिंह की कर्मवीरता के लक्षण, अब झारखण्ड के भाजपा प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी का भी चल रहा धुआंधार दौरा का भी दृश्य देख लीजिये, ये भी जनाब खुब मेहनत कर रहे हैं और महाजनसम्पर्क अभियान चलाकर भाजपा की खूबियां बता रहे हैं, पर किसको आम जनता को नहीं, बल्कि अपने भाजपा कार्यकर्ताओं को, और उस सभा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं की जो उपस्थिति रही हैं, वो भाजपा के लिए ही चिन्ताजनक है। वो भी तब जब अल्पाहार की भी इन्होंने व्यवस्था कर रखी थी। यह जो नीचे फोटो दिया गया है, ये बरही विधानसभा का है, यहां भाजपा जनसंघ के साथ अल्पाहार पे चर्चा कर रही थी। तिथि 7 जून 2023 का है।

नहीं दिखा महिला प्रदेश समिति के कार्यक्रम में जोश

और आज क्या हो रहा था तो आज भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की चतुर्थ प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हो रही थी और वहां भी वो जोश नहीं दिखा जो जोश दिखनी चाहिए। कुल मिलाकर प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा के सौजन्य से सरला बिरला स्कल में जो पिछले दिनों प्रदेश स्तरीय कार्यसमिति की बैठक संपन्न हुई थी, उस बैठक में बहुत बड़े-बड़े निर्णय लिये गये थे, उस निर्णय की हवा निकलती अब साफ दिख रही है। मतलब मंच पर भाजपा के नेता (जिनकी जनता में कोई पकड़ नहीं) मौजूद हैं, पर उनको सुनने के लिए अब भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी दूरियां बनानी शुरु कर दी है।

राजनीतिक पंडितों की मानें तो झारखण्ड में भाजपा को हराने के लिए झामुमो, कांग्रेस व राजद गठबंधन को कोई ज्यादा दिमाग लगाने की जरुरत नहीं, बल्कि भाजपा के अंदर ही इतने नाकाबिल नेताओं की फौज वर्तमान में पार्टी पर पकड़ मजबूत बना ली है कि इनके नाकाबिलता का प्रमाण आगामी लोकसभा चुनाव व विधानसभा में मिल जायेगा। अगर यही हाल 2024 तक रहा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा जैसे लोग सक्रिय रहे तो भाजपा स्वयं ही ले-देकर अपने आपको बैठ जायेगी। अकेले मोदी यहां क्या कर लेंगे?

‘चुपेचाप लोकसभा से भाजपा साफ’ को जमीन पर उतारने की योजना पर काम शुरु

राजनीतिक पंडितों का यह भी कहना है कि भाजपा में ऐसा नहीं कि नेताओं की कोई कमी हैं, पर वर्तमान में नाकाबिल नेताओं ने इस तरह कुंडली मारकर महत्वपूर्ण स्थान पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा ली है कि जो समर्पित भाजपा कार्यकर्ता हैं, वे इनके व्यवहारों से स्वयं को अपमानित महसूस कर रहे हैं। कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने विद्रोही24 को बताया कि इसमें तो कई ऐसे नेता हैं, जो भाजपा कार्यकर्ताओं को फोन ही नहीं उठाते।

इसलिए सभी ने गुपचुप तरीके से जैसे 2019 के विधानसभा चुनाव की तरह दिये गये नारे ‘चुपेचाप चचा साफ’ को जमीन पर उतार दिया था, इस बार भी ‘चुपेचाप लोकसभा से भाजपा साफ’ को जमीन पर उतार देंगे और इन नाकाबिल नेताओं को सबक सिखायेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना हैं कि वे अब बंधुआ मजदूर बनकर नहीं रहेंगे। अपने सम्मान के साथ किसी को खेलने नहीं देंगे। पार्टी विद् डिफरेंस वाली पार्टी भाजपा में कई बुराइयां आ चुकी हैं और इसमें ऐसे-ऐसे लोग शामिल हो गये हैं, जो पार्टी के लिए ही गंभीर खतरा बन चुके हैं।