राजनीति

जुगसलाई में बाबूलाल मरांडी ने जनता से किया आह्वान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार फिर से प्रधानमंत्री बनाइये और हेमन्त सरकार से दूरियां बनाइये

संकल्प यात्रा के सातवें चरण के दौरान बुधवार को जुगसलाई विधानसभा में भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में पटमदा के ब्लॉक ऑफिस मैदान में आयोजित जनसभा में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सोरेन परिवार पर जमकर हमला बोला एवं भ्रष्टाचार मुक्त, अपराध मुक्त शासन के लिए भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मोदी जी गांव ग़रीबों की चिंता करते हैं। केंद्र सरकार गांव, ग़रीब, किसान, मज़दूर और महिला के लिये समर्पित है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने ग़रीबी को क़रीब से देखा है। माँ बहनों की कठिनाइयों को देखा है इसलिए प्रधानमंत्री बनते ही उन्होंने माँ बहनों को ध्यान में रखकर सबसे पहले इज्जत घर शौचालय का निर्माण करवाया।

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने ग़रीबों को पक्का आवास उपलब्ध करवाया जबकि घोषणावीर हेमंत ने एक लाख अतिरिक्त तो क्या मोदी जी द्वारा भेजे जा रहे पैसों का भी बंदरबांट कर दिया। प्रधानमंत्री जी ग़रीबों की चिंता करते हैं। उन्होंने गैस कनेक्शन के साथ साथ गैस पर सब्सिडी भी दिया। जबकि 75 लाख बहनों को नया कनेक्शन देने की तैयारी चल रही है। जबकि कांग्रेस शासन में शहर वालों को ही मिलता था। आज गांव गांव तक गैस पहुँच गया है।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण पैसे वालों के लिए किया। जबकि प्रधानमंत्री मोदी जी ने जनधन खाते खुलवाकर एक एक ग़रीब व्यक्ति को बैंकों से जोड़ दिया। कोविड काल में जब कल कारख़ाने बंद हुए तो मोदी जी ने सीधे खाते में पैसे डालने का कार्य किया। किसानों के खाते में सीधे पैसे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी ग़रीबों के लिए अनाज भेज रहे हैं किंतु हेमंत सोरेन अनाजों की कालाबाज़ारी करवा रहे हैं। अनाजों की चोरी करवाने वाले मुख्यमंत्री को हटाना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन काल में ग़रीब पैसे के अभाव में इलाज नहीं करा पाते थें। मोदी जी ने आयुष्मान योजना लाकर हर ग़रीब को पांच लाख तक आयुष्मान से इलाज की सुविधा दिया जबकि हेमंत सरकार की लापरवाही के करण कई ग़रीब इस योजना से वंचित हो गये हैं। भाजपा की सरकार बनी तो घर घर जाकर अधिकारी राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनायेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस 60 वर्षों तक शासन किया किंतु अलग राज्य के सपने को कभी पूरा नहीं किया। आंदोलन करने वाले कांग्रेस के गोद में खेलते रहे, अलग राज्य के सपने को अटल बिहारी वाजपेयी ने पूरा किया। कांग्रेस कभी भी ग़रीबों की चिंता नहीं किया झारखंड का विकास भाजपा के सरकारों में हुआ। कांग्रेस शासन में किरोसिन के लिये लड़ाई होती थी, भाजपा ने गांव गांव तक बिजली पहुँचाया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के सरकार में बालू पर टैक्स नहीं लगता था। हेमंत सरकार ने बालू घाट दिल्ली मुंबई वालों को दे दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में क़ानून व्यवस्था चौपट हो गई है। हेमंत सरकार में अपराधियों में क़ानून का डर समाप्त हो गया है। प्रत्येक दिन चोरी, डकैती, हत्या, अपहरण, दुष्कर्म हो रहा है। अपराधी बेख़ौफ़ हैं। आम आदमी डरा हुआ है।

उन्होंने कहा कि अंचल ब्लॉक और ज़िला के सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे दिये कोई काम नहीं होता है। जन्म प्रमाण पत्र से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में भी पैसे देना पड़ रहा है। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए घुस देना पड़ता है। हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। ईडी के छापे में करोड़ों की गड्डियाँ मिल रही है।

श्री मरांडी ने कहा कि जो परिवार और पैसे के लिये रणनीति करते हैं उनसे झारखंड का कभी भला नहीं हो सकता है। सोरेन परिवार में शिबू सोरेन जी एमपी, हेमंत सोरेन, बसंत सोरेन और सीता सोरेन सभी एमएलए हैं। क्या सोरेन परिवार ही संथाल और आदिवासी समाज हैं क्या और लोग आदिवासी नहीं हैं क्या? उन्होंने कहा कि सोरेन परिवार आदिवासी समाज का हक़ मार रहे हैं। सोरेन परिवार महाजनों से लड़ते लड़ते ख़ुद महाजन हो गये हैं।

हेमंत सोरेन द्वारा दिये गये जानकारी के अनुसार 108 प्लॉट आदिवासियों से ही लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जो ख़ुद लुटेरा हैं उनसे झारखंड का भला नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि ईडी द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों पर एफआईआर के लिये हेमंत सरकार को कई पत्र लिखा गया है बावजूद कार्रवाई नहीं हो रहा है। हेमंत सरकार भ्रष्ट अधिकारियों के साथ खड़ी है। ऐसे सरकार को उखाड़ फेंकना है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मोदी जी ने महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण बिल लाकर बड़ा तोहफ़ा दिया है। इस बिल के तहत 33% बहनों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने विश्वकर्मा पूजा के दौरान कारीगरों के लिए विश्वकर्मा योजना लॉंच किया। इसके तहत 13 हज़ार करोड़ के बजट का भी प्रावधान किया गया है। ट्रेनिंग के दौरान स्टाइफ़न भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने नाई, बढई, लोहार, मोची की चिंता की है। उन्होंने कहा कि जो गांव ग़रीब किसान, महिला की चिंता करते हैं हमे उनकी चिंता करना है। हम सब को संकल्प लेकर जाना है फिर से 2024 में केंद्र में मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री और झारखंड में भाजपा की सरकार बनाना है।

सभा को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि पिछले चार वर्षों से राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार और लूट की पराकाष्ठा है। पूरे प्रदेश में अपराधी बेलगाम हैं और जनता दहशत में जीने को मजबूर है। राज्य में प्रतिदिन हत्या, लूट, चोरी, डकैती, अपहरण, छिनतई की घटनाएं हो रही। हमारी बहन बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं है। लेकिन हेमंत सरकार जनता की चिंता छोड़ राज्य के खनिज संपदाओं को लूटने में लगी है।

सांसद विद्युत महतो ने कहा प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना के तहत लोगों को बांटने के लिए राशन भेजा जा रहा है लेकिन झारखंड में हेमंत सरकार की मिलीभगत से इसकी हेराफेरी हो रही है। गरीबों को मिलने वाले अनाज को बाजारों में बेचा जा रहा है और गरीब जनता अन्न के लिए भटक रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार गरीब जनता का हक मार रही है।

सांसद विद्युत महतो ने केन्द्र सरकार की कई लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भ्रष्टाचारी नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए एकजुट हो रहे तो जनता भी नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि इस संकल्प सभा में संकल्प लें और 2024 में नरेंद्र मोदी को तीसरी फिर से प्रधानमंत्री बनाएं और विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व में झारखंड में मजबूत और पारदर्शी सरकार बनाएं।

इस दौरान झामुमो-कांग्रेस सरकार की नीतियों से विक्षुब्ध होकर एवं नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं भाजपा की नीति, सिद्धान्त से प्रभावित होकर झामुमो नेता भीम मांझी के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं एवं महिलाओं ने भाजपा का दामन थामा। इस दौरान शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं का प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने फूलमाला एवं अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।