खेल

झारखण्ड राज्यस्तरीय पुरुष-महिला मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल कप प्रतियोगिता में महिला वर्ग में रांची और पुरुष वर्ग में धनबाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया

तीन दिवसीय झारखंड राज्यस्तरीय पुरूष-महिला मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल कप प्रतियोगिता आज सम्पन्न हो गया। प्रतियोगिता के महिला वर्ग में रांची की महिला टीम ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में पश्चिमी सिंहभूम को 2-0 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं तृतीय स्थान पर पूर्वी सिंहभूम जिले की महिला टीम रही।

दूसरी ओर पुरुष वर्ग के फाइनल में धनबाद जिला ने रांची जिला को कड़े संघर्षपूर्ण मैच में 1-0 से हराकर विजेता बना। तृतीय स्थान पर पाकुड़ जिला एवं चतुर्थ स्थान पर लोहरदगा जिला की टीम रही। पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार धनबाद जिला के मनीष मूर्मू एवं सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार रांची जिला के विक्की कुमार को दिया गया जबकि महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार रांची जिला के पूनम कुमारी एवं सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला के लक्ष्मी मूर्मू को दिया गया।

इस दौरान मैच की समाप्ति के बाद विभागीय मंत्री मोहम्मद हफीजुल हसन अंसारी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को नगद राशि, पदक एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। तत्पश्चात पूरे राज्य के प्रतिभावान ग्यारह खिलाड़ियों को खिलाड़ी सम्मान राशि योजना के तहत नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

विभागीय मंत्री द्वारा पांच खिलाड़ियों को खिलाड़ी कल्याण कोष के तहत खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता राशि देकर सम्मानित किया गया एवं सात प्रशिक्षक/खिलाड़ी को कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों को विभिन्न कोर्स करने हेतु सहायता राशि दिया गया।