राजनीति

झारखण्ड की हेमन्त सरकार तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, अनाचार में लिप्त है, ऐसी सरकार को हम रहने नहीं देंगेः जे पी नड्डा

भाजपा की सरकार और भाजपा के कार्यकर्ता जब सत्ता पर बैठते हैं तो लोगों की सेवा के लिए बैठते हैं, लोगों के काम करने के लिए बैठते हैं, झारखंड की तस्वीर और तकदीर बदलने के लिए बैठते हैं। लेकिन जब झामुमो के लोग सत्ता पर बैठते हैं तो वो अपनी सेवा के लिए बैठते हैं, मेवा खाने के लिए बैठते हैं, ऐसी सरकार जो तुष्टिकरण से युक्त हो, भ्रष्टाचार से युक्त हो, अनाचार से युक्त हो, उस सरकार को हम नहीं रहने देंगे। यह संकल्प लेकर हमें चलना होगा। ये उद्गार है भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के, जो आज हरमू में भाजपा द्वारा आयोजित संकल्प यात्रा के समापन अवसर पर आयोजित रैली के दौरान व्यक्त कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं और नेत्रियों की आदत है कि चुनाव आता है, तो राजनीतिक टूर पर निकल जाते हैं। अभी-अभी कांग्रेस की नेत्री राजस्थान गई हैं, कल कहीं और जाएंगी। राजस्थान में गहलोत सरकार के दौरान महिलाओं पर जितना अत्याचार हुआ उसे भूला नहीं जा सकता है, लेकिन तब ये राजस्थान नहीं गईं। कभी उन नारियों की चिंता नहीं की, कभी नारी सशक्तिकरण की बात नहीं की। लेकिन चुनाव आया तो जाना ही है।

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने जनजातियों के नाम पर वोट मांगा और जनजातियों का जितना नुकसान इन्होंने किया उतना किसी और ने नहीं किया। वोट की राजनीति के लिए धर्मांतरण पर आंख मूंद ली, ये बताता है कि हेमंत सोरेन को आदिवासियों की संस्कृति की नहीं सिर्फ वोट की चिंता है। हम जानते हैं कि आदिवासियों की चर्चा बहुत लोगों ने की।

उन्होंने कहा कि आदिवासियों के बारे में बहुत से लोगों ने बहुत सी बातें कीं, लेकिन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पीएम मोदी ने स्थापित किया। उन्होंने कहा कि ये उनका सौभाग्य है कि भगवान बिरसा मुंडा की पवित्र भूमि पर संकल्प यात्रा के समापन में आप लोगों के साथ शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। जो मैं उत्साह देख रहा हूं, जो उमंग देख रहा हूं वह बताता है, आपने तय ​कर लिया है कि अगली बार यहां पर कमल खिलाना है।

दूसरी ओर संकल्प यात्रा के नायक बाबूलाल मरांडी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था कैसी है? इसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि मुख्यमंत्री अपने परिवार के अच्छे इलाज के लिए दिल्ली जाते हैं, क्योंकि उन्हें बखूबी मालूम है कि अच्छे स्वास्थ्य और अच्छे अस्पताल के लिए जो पैसे आवंटित हुए थे उनको अपने भ्रष्टाचारी दोस्तों और करीबियों में बांट दिया है।  

मुख्यमंत्री पद पर आसीन हेमंत सोरेन को झारखंड की माताओं बहनों, बुजुर्गों की परवाह नहीं हैं, आए दिन रिम्स अस्पताल में दिल को झकझोर कर देने वाली घटनाएं घट रही हैं, कभी बिस्तर न मिलने से जान जाती है, तो कभी अस्पताल में दवाइयों की कमी से, और हद तो तब होती है जब पिता को संसार के बोझ के अलावा ऑक्सीजन सिलेंडर का भार उठाना पड़े, मां को अपने बच्चे के अलावा भ्रष्टाचारी हेमंत सरकार में हो रहे अत्याचार को उठाना पड़े।

लोग आस भरी नजरों से भाजपा की सरकार का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें मालूम है कि जिन्हे माताओं के धुंए से निकले आंसू की परवाह है जिसके लिए उज्जवला योजना लाई गई। झारखंडवासियों को यकीन है कि झारखंड का विकास, अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार, भ्रष्टाचार का अंत भाजपा की सरकार में ही होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झूठ का चोला पहनकर आदिवासियों के लिए सिर्फ खोखले वादे किए हैं, जिनको वास्तविकता में उतारना उतना ही मुश्किल है जितना हेमंत और उनके साथियों को भ्रष्टाचार से विमुक्त करना।

देश और प्रदेश में प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में जो काम किए गए हैं, उनके स्वागत में आदिवासी समूह भी काम दमदार फिर से मोदी सरकार का समर्थन करते हैं। आदिवासियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी ने 15 नवबंर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया, देश भर में 384 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय बनवाए गए तथा 3,110 वन धन विकास केंद्रों की स्थापना की गई।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन ने झारखंड के बालू, पत्थर, खान-खनिजों का नियंत्रण बाहरी लोगों के हाथों में सौंप दिया है। जबकि राज्य के स्थानीय कारोबारियों को हेमंत सरकार के द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है, उन्हें पुलिसिया दमन का सामना करना पड़ रहा है। हेमंत सोरेन ने युवाओं को हर साल पांच लाख रोजगार देने की बात कही थी, बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की थी। रोजगार देना तो दूर, चार साल में इनसे नियुक्ति नियमावली भी नहीं बन पाई। जब युवा अपना हक़ मांगने सड़क पर उतरे तो तानाशाही हेमंत सोरेन ने युवाओं की आवाज को लाठी के दम पर दबाने की कोशिश की। अब झारखंड के युवा ही हेमंत सोरेन के अहंकार का मर्दन करेंगे।

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन, सोनिया गांधी और लालू यादव का परिवार सिर्फ अपने परिवार की तिजोरियों को भरने में लगे हुए हैं। ये परिवारवादी शक्तियां दीमक की तरह झारखंड को खोखला कर रही हैं, ये लोकतंत्र के लिए घातक हैं। इन लोगों ने झारखंड की भोली-भाली जनता को ठगने का काम किया है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता हेमंत के जंगलराज को ध्वस्त करने के लिए संकल्पित है।