राजनीति

कुणाल षाड़ंगी को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय यूथ आईकॉन अवार्ड, फेडरेशन ऑफ इंडियन्स एसोसिएशन 28 जनवरी को शिकागो में करेगी सम्मानित

पूर्व विधायक और झारखंड भाजपा के तेजतर्रार प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी 28 जनवरी को अमेरिका के शिकागो में अंतरराष्ट्रीय यूथ आईकॉन अवार्ड से सम्मानित होंगे। फेडरेशन ऑफ़ इंडियन्स एसोसिएशन की शिकागो ईकाई ने इसकी पुष्टि करते हुए कुणाल षाड़ंगी को ईमेल भेजकर 28 जनवरी 2024 को शिकागो आमंत्रित किया है।

एफआईए- शिकागो (फेडरेशन ऑफ़ इंडियन्स एसोशिएशन) एक अंतरराष्ट्रीय नॉन प्रॉफिट संगठन है, जिसमें अमेरिका में रह रहे तीन लाख से अधिक भारतीय और एशियाई लोग जुड़े हैं। इस संगठन का मूल उद्देश्य भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहन देना है। अमेरिका के विभिन्न राज्यों में इसकी शाखाएं कार्यरत हैं तथा भारतीय विदेश मंत्रालय और अमेरिका स्थित विभिन्न भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित कर काम करती है।

एफआईए ने कुणाल षाड़ंगी को भेजे गये ईमेल आमंत्रण में बताया है कि यह सम्मान उन्हें झारखंडी युवाओं को अपने विशेष मुहिम के मार्फ़त शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण की दिशा में उल्लेखनीय और अनुकरणीय योगदान के लिए दी जायेगी। कुणाल षाड़ंगी ने इस विशेष सम्मान के लिए चयनित होने पर इसे पूर्वी सिंहभूम सहित झारखंडी जनमानस को समर्पित किया।

उन्होंने एफआईए की शिकागो इकाई के प्रति कृतज्ञता जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के समय से लोकोपयोगी कार्य करने की जो प्रेरणा मिली है, यह सम्मान जमशेदपुर एवं पूरे जिले की जनता के साथ और आशीर्वाद को समर्पित है। विदित हो कि इससे पहले भी कुणाल षाड़ंगी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान मिल चुके हैं।

2018 में अमेरिकी सरकार के सबसे प्रतिष्ठित विश्व प्रसिद्ध लीडरशिप कार्यक्रम आईवीएलपी में भाग लेने वाले झारखंड के वे पहले राजनीतिज्ञ बने थे। उनके बाद विधायक दीपिका पांडेय सिंह को यह सम्मान मिला है। सम्मान की कड़ी में कुणाल षाडंगी के नाम एक और उपलब्धि रही है कि उन्हें इससे पहले 2019 में अमेरिका की बहुप्रतिष्ठित विश्वविद्यालय हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में इंडिया कांफ्रेस में युवाओं को संबोधित करने के लिए भी आमंत्रण मिला था। कुणाल ने बताया कि 26 जनवरी को जमशेदपुर में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण करने के बाद वे शिकागो (अमेरिका) के लिए रवाना होंगे। उन्होंने इस सम्मान के लिए जिले सहित राज्यभर के युवा साथियों का विशेष आभार जताया है।