राजनीति

लक्ष्मीकांत वाजपेयी को भरोसा शायद मोदी की करिश्माई नेतृत्व और बूथ पर तैनात कार्यकर्ताओं की मदद से इस बार केन्द्र में भाजपा 400 से भी ज्यादा सीटें जीतकर केन्द्र में सरकार बना लें

झारखंड भाजपा की एक दिवसीय प्रदेश पदाधिकारी, कोर कमेटी, जिलाध्यक्ष एवम जिला प्रभारी, मोर्चा अध्यक्षों की बैठक चाईबासा  जिला कार्यालय में आज संपन्न हो गई। इस बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि जनता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व पर भरोसा बढ़ा है। मोदी जी के नेतृत्व में देश का सभी वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ा है। एक-एक परिवार में तीन चार लाभार्थी हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केवल जनता के दरवाजे तक पहुंचे, जनता उनका स्वागत के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सामाजिक, राजनीतिक और भावनात्मक सभी मुद्दों के समाधान के लिए ईमानदार प्रयास किये हैं। उन्होंने कहा कि करिश्माई नेतृत्व और बूथ पर कार्यकर्ताओं की ताकत से तीसरी बार मोदी सरकार 400 सीट को पार कर केन्द्र में सरकार बनायेगी। उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संगठनों को राष्ट्रहित में आगे आने का आह्वान किया।

2024 को विजय वर्ष के रुप में मनायेंगेः बाबूलाल मरांडी

प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा 2023 का अंतिम दिन भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को समर्पित किया। पांच राज्यों के चुनाव में दशहरा, दीपावली त्योहार भी घर से बाहर मनाया। जिसके सकारात्मक परिणाम भी आये। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का परिश्रम ही पार्टी की पूंजी है। उन्होंने कहा कि 2023 में सेवा, संगठन और आंदोलनात्मक कार्यक्रम हुए। विधानसभा स्तर पर संकल्प यात्रा बरसात में भी ऐतिहासिक रुप से सफल हुई।

उन्होंने कहा कि 2024 का वर्ष हमें विजय वर्ष बनाना है। राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाकर केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी भाजपा को बूथों तक पहुंचाना है। आज घर-घर मोदी सरकार की योजनाएं पहुंची है। घर-घर भाजपा पहुंची है। उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

हेमंत सरकार ने दलितों-आदिवासियों को ठगा – अमर बाउरी

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार का बड़ा लेबल लग चुका है। यह सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है। सबसे बड़े कैश कांड पर प्रधानमंत्री जी ने चिंता व्यक्त करते हुए जनता को पाई-पाई वापस लाने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने फिर एक बार दलितों-आदिवासियों को ठगा है। युवा झारखंड में 10 वर्ष पहले ही लोगों को बूढ़ा बनाया जा रहा।

उन्होंने कहा कि वृद्धा पेंशन योजना का भी वही हाल होगा जो बेरोजगारी भत्ता का हुआ। उन्होंने कहा कि आज राज्य का युवा, महिला, किसान, मजदूर, सभी गुस्से में हैं। उन्होंने कहा कि 2024 में केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश में भाजपा नेतृत्व की मजबूत सरकार बनाने को जनता संकल्पित है।