अपनी बात

प्रेस क्लब के एक बेड पर दिखीं शराब की बोतलें व गंदगियां, आक्रोशित रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र सोरेन ने सदस्य प्रतीक सिंह को भेजा कारण बताओ नोटिस, लगाई कई प्रतिबंधें

रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र सोरेन ने प्रेस क्लब के सदस्य प्रतीक सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कारण बताओ नोटिस में प्रतीक सिंह पर आरोप है कि उन्होंने प्रेस क्लब की मर्यादा तोड़ी है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने सात दिनों के अंदर कारण बताओ नोटिस का जवाब मांगा है। साथ ही यह भी कह दिया है कि जब तक प्रेस क्लब कमेटी प्रतीक सिंह की हरकतों के संबंध में कोई निर्णय नहीं ले लेती। तब तक उन्हें क्लब से मिलनेवाली सारी सुविधाएं प्रतिबंधित रहेंगी। प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने कड़े शब्दों में कारण बताओ नोटिस में यह भी लिखा है कि क्यों न उनकी इस हरकतों के कारण उनकी सदस्यता रद्द कर दी जाये?

इधर जैसे ही कारण बताओ नोटिस जारी हुआ है। रांची प्रेस क्लब के सदस्यों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग प्रतीक सिंह को बहुत ही पुराने पत्रकार मानते हैं। कुछ लोग उन्हें उनकी हरकतों के लिए पूर्व से ही निशाने पर लेते रहे हैं। इस बार तो हद हो गई है। कुछ लोगों का कहना है कि रांची प्रेस क्लब की मर्यादाएं बनी रहे, इसकी जिम्मेवारी रांची प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को लेनी ही होगी।

रांची प्रेस क्लब को एक्शन लेना ही होगा, नहीं तो इस प्रकार की हरकतें बढ़ेंगी। प्रेस क्लब की मर्यादाएं तार-तार होती रहेंगी। आखिर रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने अपने सदस्य प्रतीक सिंह को कारण बताओ नोटिस में किन बातों की ओर इशारा किया है? उसे आपको भी जान लेना जरुरी है। कारण बताओ नोटिस इस प्रकार है …

श्री प्रतीक सिंह, सदस्य (नं.- 0212/17) रांची प्रेस क्लब।

विषय : शोकॉज नोटिस।

क्लब की एकोमोडेशन कमेटी ने सूचित किया है कि मंगलवार को आपने रांची प्रेस क्लब का कमरा संख्या 205 बुक करवाया था। अपने साथियों के साथ ठहरने के दौरान आपने कमरे में लगे बेड को बुरी तरह से तहस-नहस किया है। आपके जाने के बाद सफ़ाईकर्मी ने बताया कि बेड पर टूटी हुई शराब की बोतले, पानी की बोतलें, स्नैक्स और गंदगी फैलायी गयी थी। कमरे के फर्श को भी काफी बेतरतीब तरीके से गंदा किया हुआ था। इसका फोटो और वीडियो संलग्न करते हुए एकोमोडेशन कमेटी ने आपके ख़िलाफ़ कार्रवाई की अनुशंसा की है।

उक्त अनुशंसा के आलोक में मैनेजिंग कमेटी आपको निर्देश देती है कि सात दिनों के अंदर आप लिखित रूप से अपना जवाब दें कि ऐसे अशोभनीय हरकत के कारण आपकी सदस्यता क्यों न रद्द कर दी जाए। ज़बतक आपके जवाब पर मैनेजिंग कमेटी यथोचित निर्णय नहीं ले लेती है, तबतक आपके लिए क्लब की सभी सुविधाएँ प्रतिबंधित रहेंगी।

अध्यक्ष, द रांची प्रेस क्लब।

दिनांक : 05/06/24.