अपनी बात

भाजपा पदाधिकारियों की लिस्ट मतलब संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह ने सूची बनाई, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुहर लगाई, दिल्ली से अनायास टपके लोगों का रखा गया विशेष ख्याल

भाजपा पदाधिकारियों की लिस्ट आज जारी हो गई। इस लिस्ट से साफ पता चलता है कि संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह की जिस-जिस ने परिक्रमा की। उसे पदाधिकारी समूह में विशेष तौर पर शामिल किया गया, जो पूर्व में भी पदाधिकारी थे लेकिन कर्मवीर के अनन्य भक्त थे। उनके पद में कोई छेड़छाड़ नहीं की गई। जो दिल्ली के पदाधिकारियों के कृपापात्र थे तथा यहां भी कर्मवीर की जय-जय किया करते थे। उन्हें भी इस बार विशेष पद देकर अलंकृत किया गया।

मतलब साफ है कि बाबूलाल मरांडी की इस लिस्ट में एक नहीं चली। केवल बाबूलाल मरांडी के कुछ ही विशेष अनुरागियों को कुछ अंगूलियों पर गिननेलायक पद दिये गये। अब चाहकर भी बाबूलाल मरांडी कुछ नहीं कर सकते। अंततः उन्हें कर्मवीर के सहारे ही अपना अध्यक्ष पद और पार्टी को चलाना होगा। आज की जारी सूची से ज्यादातर लोग नाराज दिखे और उनकी पहली नाराजगी का पहला वक्तव्य यही था कि फिलहाल कुछ दिनों तक ये लोग खुशियां मना लें। लेकिन अंततः जब चुनाव का समय आयेगा तो पार्टी  के पास रोने के सिवा कुछ नहीं होगा।

राजनीतिक पंडितों ने भाजपा की इस सूची को देखते ही ताड़ लिया और कह दिया कि अगर ये टीम हेमन्त सोरेन की टीम से लड़ने और भिड़ने के लिए तैयार की गई है तो समझ लीजिये। हेमन्त सोरेन की टीम को यह भाजपा की टीम बाल बांका नहीं कर सकती, इस पार्टी का प्रदेश में नैया डूबने को तैयार है। धनबाद से विद्रोही24 के एक विश्वसनीय सूत्र ने यह बताया कि जिस व्यक्ति को धनबाद में पिछले कई सालों से आज तक देखा नहीं गया। उसे कल भाजपा ग्रामीण की बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य के रुप में प्रस्तुत किया गया और आज उसे प्रदेश प्रवक्ता बना दिया गया, यह देखकर यहां के लोग खुद हैरान है।

मतलब दिल्ली से हवाई लैंडिग हुई और वो व्यक्ति को आज प्रवक्ता का पद भी दे दिया गया। उस विश्वसनीय सूत्र का यह भी कहना है कि भाजपा के लोग अब यह भी बता दें कि क्या झारखण्ड में भाजपा के लिए काम करनेवाले लोग आलू-प्याज छिलने के लिए बने हैं? निश्चित ही है कि इससे पार्टी का बेड़ा गर्क होगा और इसके लिए जिम्मेवार कर्मवीर और अब बाबूलाल मरांडी होंगे, साथ ही दिल्ली के वे पदाधिकारी होंगे, जो अपने परिक्रमा करनेवालों को अब झारखण्ड में थोपने की तैयारी कर रहे हैं।

भाजपा ने जो लिस्ट जारी की है। उसमें फिर से प्रदेश महामंत्री के पद पर सरला बिरला स्कूल देखनेवाले प्रदीप वर्मा को विराजमान कर दिया गया है। इसी तरह ऐसे-ऐसे व्यक्ति को ऐसे-ऐसे पद दिये गये हैं, जो उस पद के योग्य भी नहीं, लेकिन चूंकि वे नेता के परिक्रमाधारी है। परिक्रमाधारी होना भाजपा में खुद ही एक डिग्री/डिप्लोमा है। अतः इस डिग्री/डिप्लोमा के तहत लोगों को पद थमा दिया गया है। राजनीतिक पंडितों की मानें तो हेमन्त सोरेन की झारखण्ड में मजबूती के लिए यह टीम इस बार बहुत बड़ी भूमिका निभायेगी।