अपनी बात

केवल भाजपा प्रदेश कार्यालय ही नहीं, धनबाद में भी हरियाणा के जीत का जश्न मनाने के लिए मात्र 20 लोग जुटे, भाजपा के कार्यकर्ता ही इस पर उठा रहे सवाल, इधर ये हाल देख प्रदेश भाजपा के शीर्षस्थ नेताओं की नींद उड़ी

कमाल है हरियाणा में भाजपा की शानदार जीत हुई हैं। वो भी तब जब सारे एग्जिट पोल ये बता रहे थे कि हरियाणा में भाजपा लूज करने जा रही हैं। लेकिन वहां की जनता ने भाजपा को हाथो-हाथ लिया और फिर से तीसरी बार सत्ता पर बिठा दिया। लेकिन इधर झारखण्ड में भाजपा कार्यकर्ता शायद इस समाचार को देख-सुनकर प्रसन्न नहीं हैं। तभी तो जिस दिन चुनाव परिणाम आ रहे थे।

ठीक उसी दिन हरियाणा के जीत का जश्न मनाने के लिए जब भाजपा प्रदेश कार्यालय में लोग जुटे तो उनकी संख्या मात्र 15 से 20 थी। हालांकि इस दुर्दशा पर जब विद्रोही24 ने समाचार लिखे तो भाजपाइयों ने अपना लाज बचाने के लिए यह कह दिया कि चूंकि नवरात्र चल रहा था, सभी भाजपा कार्यकर्ता उसी में जुटे थे, जिसके कारण भीड़ नहीं जुटी। मतलब वो कहावत आपको मालूम ही होगा। खिसियानी बिल्ली खम्भा नोचे।

हालांकि भाजपा के शीर्षस्थ नेता खम्भा नोचने में लगे हैं। लेकिन सच्चाई यह भी है कि पार्टी की स्थिति देख उनकी नींद उड़ गई हैं। वे समझ चुके हैं कि धरातल पर पार्टी शून्य हैं। अगर ये सही नहीं होता तो कम से कम धनबाद में ये स्थिति नहीं होती। वहां पर भी जब हरियाणा के जीत का जश्न मनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जूटे तो उनकी संख्या कुल मिलाकर मात्र 20 थी। आप इसी समाचार में उपर दिये गये फोटो को देखकर खुद ही उसमें जुटे लोगों की संख्या को गिन सकते हैं।

धनबाद के भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक तो इस बात को लेकर अपने फेसबुक पर खुब अपने ही नेता का मजाक उड़ा रहे हैं। एक नेत्री लिखती है कि हरियाणा चुनाव जीत की खुशी में आतिशबाजी और जश्न मनाते भाजपा जिलाध्यक्ष और विधायक, पर कार्यकर्ताओं की संख्या मात्र 22, इसी से पता लग जाता है कि धनबाद की राजनीति किस दिशा में जा रही है, आप अंदाजा लगा सकते हैं।

हालांकि इस भाजपा नेत्री ने संख्या 22 दी हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि इस जीत के जश्न में मात्र 20 लोग ही उपस्थित थे। फोटो उसका प्रमाण है। हालांकि इसी भाजपा नेत्री के फेसबुक पोस्ट पर सजायाफ्ता सांसद ढुलू महतो का एक कट्टर समर्थक तथा विधायक राज सिन्हा का कट्टर विरोधी लिखता है कि आपने गिनती में तीन ज्यादा लिख दिये हैं। अब ये 20 कार्यकर्ता जुटाने में भी असमर्थ हैं।

भाजपा के कट्टर समर्थक धनबाद निवासी सत्येन्द्र प्रकाश पांडेय अपने फेसबुक पर लिखते हैं कि लोकप्रिय की लोकप्रियता का दर्पण। चले थे हरियाणा में जीत की खुशी मनाने, जुटे लोग धनबाद विधायक के साथ मात्र अठारह से उन्नीस लोग। इसी प्रकार कई ऐसे लोग हैं, जो भाजपा के इस कार्यक्रम की धज्जियां उड़ा रहे हैं। साथ ही भाजपा की दयनीय दशा पर छीटाकशीं अब खुलकर करने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *