अपनी बात

अब धनबाद जिला महिला मोर्चा में बवाल, महिला नेत्रियों ने नई-नई बनी ग्रामीण महिला अध्यक्ष के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट दर्ज किये, जिला व प्रदेशस्तरीय नेताओं के मंशा पर उठाए सवाल

धनबाद ने गजब ढा दिया है। कोई ऐसा जगह नहीं, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने बवाल नहीं काटा हो। अभी इनका बवाल थमा नहीं था कि अब महिलाएं भी बवाल काटने में आगे आ चुकी है। एक धनबाद भाजपा नेत्री ने सोशल साइट पर नई-नई बनी ग्रामीण महिला अध्यक्ष के खिलाफ सोशल साइट फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट जैसे ही दर्ज किये।

उक्त पोस्ट का फोटो शॉट लेकर धनबाद जिला महिला मोर्चा की अन्य महिला नेत्रियों ने शेयर करना शुरु कर दिया। स्थिति ऐसी है कि उक्त विवादास्पद पोस्ट को व्हाट्सएप के माध्यम से भाजपा के ही लोग ज्यादा वायरल कर रहे हैं और चटखारे लेकर पढ़ रहे हैं। इधर जैसे ही उक्त महिला नेत्री को पता चला कि उसकी आपत्तिजनक पोस्ट को दूसरी भाजपा महिला नेत्रियों ने फोटो शॉट लेकर फेसबुक पर शेयर करना शुरु कर दिया है और इसे व्हाट्सएप्प के माध्यम से वायर किया जा रहा है।

वो मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने फेसबुक से उक्त पोस्ट को डिलीट कर दी। वो आपत्तिजनक पोस्ट ऐसा है कि हम उक्त पोस्ट को यहां प्रकाशित भी नहीं कर सकते, क्योंकि वो किसी के सम्मान से जुड़ा है और बहुत ही घिनौना है। इधर अन्य महिला नेत्रियों ने इसी को मुद्दा बनाकर, पार्टी में भूचाल ला दिया है।

अन्य महिला नेत्रियों का कहना है कि आखिर जिस महिला नेत्री के खिलाफ इस प्रकार की बातें समाज के बीच चल रही हैं, वैसी महिला को इतना महत्वपूर्ण पद कैसे दे दिया गया। विद्रोही24 के पास जिन-जिन महिला नेत्रियों ने इस प्रकार के सवाल उठाए हैं। उसके सारे क्लिप विद्रोही24 के पास मौजूद है।

लेकिन पत्रकारिता की भी कुछ मर्यादाएं होती हैं। हम उस मर्यादा का उल्लंघन नहीं कर सकते। धनबाद भाजपा महिला मोर्चा की एक महामंत्री तो अपने फेसबुक पर इस संबंध में कई पोस्ट दर्ज किये हैं और जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक के नेताओं से सवाल पूछ डाले हैं। यही नेत्री झाविमो से भाजपा में आये एक नेता जो धनबाद और रांची दोनों जगहों की राजनीति करता है, उसका बुखार छुड़ा दी हैं।

इस महिला नेत्री के कुछ सवालों में गंभीरता भी हैं और भाजपा नेताओं के चाल-चरित्र भी इससे उजागर हो रहे हैं। राजनीतिक पंडित कहते है कि पहली बार भाजपा में इस प्रकार की थूकम-फजीहत देखी जा रही हैं। ऐसा माहौल तो धनबाद में किसी भी अन्य राजनीतिक दल में नहीं हैं, जैसा कि भाजपा में देखा जा रहा हैं। यह राजनीतिक गिरावट की पराकाष्ठा है।

साथ ही बताता है कि भाजपा में कितनी गिरावट आई हैं और यहां महिला नेताओं की क्या स्थिति हैं। अगर योग्य महिलाओं को यहां सचमुच सम्मान मिलता, तो ऐसी परिस्थिति नहीं दिखाई देती। फिलहाल भाजपा की महिला नेत्रियों ने ही भाजपा महिला मोर्चा में व्याप्त गंदगी को साफ करने का बीड़ा उठा लिया है। इसका परिणाम आज नहीं तो कल जरुर दिखाई देगा। बस समय का इंतजार करिये और जो प्रदेश या जिलास्तर के नेता काबिल बन रहे हैं, उनके लिए भी ये चेतावनी है, या तो वे स्वयं सुधर जाये, नहीं तो आज की महिलाएं सभी को सुधारना जानती है।