धर्म

चैत्र शुक्ल नवमी अर्थात् भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रांची के तपोवन मंदिर व रांची की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी सपत्नीक पहुंचे तपोवन और श्रीराम के चरणों में मत्था टेका

आज चैत्र शुक्ल नवमी है। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का दिन। रांची की सारी प्रमुख सड़कों पर राम भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ा हैं। सभी मंदिरों में श्रीराम भक्तों की भारी भीड़ दिख रही हैं। तपोवन मंदिर की ओर जानेवाली सड़कों पर तो श्रीराम भक्तों का रेला निकल पड़ा है। हाथों में महावीरी पताकें और हदय में श्रीराम के प्रति भक्ति वेग देखते बन रहा है।

उधर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने भी श्रीरामनवमी पर्व के पावन अवसर पर आज श्री राम जानकी तपोवन मंदिर, निवारणपुर, रांची जाकर  विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की  उन्नति, सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने लोगों को रामनवमी महापर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामनवमी के इस पावन अवसर पर आस्था के समागम का हिस्सा बनने का उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ है। भगवान श्री राम सभी की मनोकामनाएं पूरी करें, यही मंगलकामना है।

तपोवन मंदिर आने के पूर्व राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मुख्यमंत्री आवास में बने महावीर मंदिर में जाकर सपत्नीक उपस्थिति दर्ज कराई। महावीरी पताके लगाये। भगवान हनुमान के श्रीचरणों में अपनी श्रद्धा निवेदित की तथा राज्य का कल्याण चाहा। ऐसे भी राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनकी पत्नी गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन आध्यात्म में ज्यादा रूचि रखती हैं तथा ये दोनों भक्ति भाव के साथ ईश्वरीय आराधना में लगे रहते हैं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि पूरी श्रद्धा, भक्ति, उत्साह, उमंग और खुशी के साथ हम रामनवमी महापर्व मना रहे हैं। यह भगवान श्री राम के प्रति हमारी असीम श्रद्धा एवं आस्था का परिचायक है। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस मंदिर प्रांगण में श्री राम जानकी की पूजा- अर्चना करते हैं। हम मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें, रामनवमी महापर्व यही संदेश देता है।

इस अवसर पर श्री राम जानकी तपोवन मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत  ओमप्रकाश शरण एवं सदस्य प्रणय कुमार, केंद्रीय समिति श्री महावीर मंडल, रांची के अध्यक्ष जय सिंह यादव, श्री राम जानकी तपोवन मंदिर ट्रस्ट तथा श्री महावीर मंडल, केंद्रीय समिति के कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

दूसरी ओर आज प्रातःकाल से ही रांची के सभी प्रमुख मार्गों में राम भक्तों का समूह देखा गया। ये सारे राम भक्त अपने-अपने महावीर पताकाओं व श्रीराम की विभिन्न झाकियों के साथ तपोवन मंदिर की ओर बढ़ते दिखे। कई जगहों पर राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने भी श्रीराम भक्तों के विशेष स्टॉल लगाये थे। जहां पानी-शरबत, चना व नाना प्रकार के फलों के रसों की विशेष प्रबंध इन्होंने कर रखी थी।

स्थानीय प्रशासन ने भी श्रीराम भक्तों को कोई दिक्कत न हो, उन्हें कोई असुविधा न हो। इसका विशेष प्रबंध किया था। कई जगहों पर धार्मिक संगठनों का भी बोलबाला रहा और सभी ने मिलकर इस श्रीरामनवमी के पर्व को रांची में हर्ष व उल्लास के बीच संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा दी। कई जगहों पर श्रीराम भक्तों ने एक दूसरे को श्रीरामनवमी की बधाई व शुभकामनाएं भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *