अपनी बात

धनबाद में भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन से प्रबुद्ध लोग ही गायब, मंच पर केवल भाजपा के ही नेता दिखे, इधर इस सम्मेलन में भाग लेने आये केन्द्रीय मंत्री का स्वागत करने बरवा हवाईअड्डे पर भाजपा का कोई बड़ा नेता नहीं पहुंचा

धनबाद में कल भाजपा द्वारा प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया था। यह आयोजन धनबाद के हीरापुर स्थित अग्रसेन भवन में किया गया था। जिसमें भाग लेने के लिए केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल धनबाद पहुंचे थे। राजनीतिक पंडित बताते है कि यह आयोजन तो प्रबुद्ध लोगों का था। लेकिन मंच पर एक भी प्रबुद्ध व्यक्तियों को नहीं बैठाया गया था और न ही प्रबुद्ध व्यक्तियों ने भाग लिया।

मंच पर भाजपा के धनबाद के शीर्षस्थ नेता जैसे सांसद-विधायक, जिलाध्यक्ष और उनके चाहनेवाले ही सिर्फ मौजूद थे। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि जब इसमें धनबाद के प्रबुद्ध लोग शामिल ही नहीं थे तो इसका नाम प्रबुद्ध सम्मेलन क्यों रखा गया? भाजपा के नेताओं को बताना चाहिए। राजनीतिक पंडित यह भी कहते हैं कि इस कार्यक्रम में धनबाद के प्रतिष्ठित व प्रबुद्ध व्यक्तियों में से एक भी व्यक्ति नहीं दिखा और न ही मंच पर एक भी प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित दिखे।

राजनीतिक पंडित तो ये भी कहते हैं कि एक भी मंचस्थ नेतागण मास्टर डिग्रीधारी वहां नहीं बैठा था। मतलब भाजपा की धनबाद में ऐसी बदतर स्थिति कभी नहीं देखी गई कि सम्मेलन प्रबुद्धों का हो और उस कार्यक्रम से प्रबुद्ध लोग ही गायब दिखे। राजनीतिक पंडित बताते हैं कि इसका मूल कारण भाजपा में इन दिनों बढ़ती गुटबाजी तथा एक दूसरे के प्रति शक-संदेह का उपजना है।

राजनीतिक पंडितों का यह भी कहना है कि यहां एक ही व्यक्ति प्रधान हो गया है। जिसका नाम है – ढुलू महतो। ढुलू महतो धनबाद के ऐसे दबंग सांसद हैं जो सजायाफ्ता है। इनकी इतनी अभी चल गई हैं कि इनके एक इशारे पर धनबाद में कोई कार्यक्रम चाहे तो हिट हो जाये या तो उसकी हवा निकल जाये। राजनीतिक पंडित बताते हैं कि धनबाद के सांसद ढुलू महतो चाहते हैं कि धनबाद में पूरी पार्टी उनकी जेब में रहे। चाहे यहां पदाधिकारी कोई भी हो। सभी उनकी बातों को मानें, नहीं तो उन्हें बात मनवाना आता है।

पिछली बार भी जब एक केन्द्रीय मंत्री का धनबाद आगमन हुआ था तो विधायक राज सिन्हा के आवास पर मंत्री के सम्मान में दिये गये भोज का कबाड़ा निकलवाने में लोग बताते हैं कि इसमें भी ढुलू महतो का ही हाथ था। अभी भी भाजपा के कुछ विक्षुब्ध नेता ढुलू के खासमखास होकर भाजपा का बैंड बजाने के लिए सक्रिय है।

अभी इनका केवल एक ही कार्यक्रम है कि धनबाद से भाजपा का टिकट राज सिन्हा को न मिलकर, आउटसोर्सिंग के बेताज बादशाह तथा पैसे को पानी की तरह बहानेवाला एल बी सिंह को मिल जाये। लेकिन भाजपा में कुछ ऐसे भी समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो एलबी सिंह जैसे लोगों को पसन्द नहीं करते। उनका कहना है कि एल बी सिंह जैसे लोगों को भाजपा का टिकट मिलने से भाजपा की रही-सही कसर निकल जायेगी। जनता के बीच इसका बुरा इफेक्ट पड़ेगा।

इधर यह भी कहा जा रहा है कि केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल जब बरवाअड्डा हवाई अड्डे पर पहुंचे तो उनके स्वागत में भाजपा के जिलाध्यक्ष श्रवण राय को छोड़कर, कोई भाजपा का बड़ा नेता वहां मौजूद नहीं था। कुछ भाजपा से अलग सामान्य लोग थे भी तो उनकी संख्या 15 से अधिक नहीं थी। कल की घटना को लेकर पूरे धनबाद में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाएं आम हो गई हैं। हर गुट अपने प्रतिद्वंदियों के उपर इसका दोष मढ़ रहा है। जबकि विपक्षी कांग्रेस भाजपा के अंदर चल रही इस उठापटक से खुश है। कांग्रेसियों का कहना है कि यही उठापटक कांग्रेस के लिए आगे चलकर वरदान साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *