राजनीति

राष्ट्रीय सैनिक संस्था की रांची महानगर इकाई ने मनाई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती, युवाओं से नेताजी के सपनों का भारत बनाने का प्रण लेने को कहा

राष्ट्रीय सैनिक संस्था रांची महानगर के तत्वावधान में आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाषचंद्र बोस जी की जयंती रांची देवी मंडप रोड हेसल सरोवर नगर रांची में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था युवा कमांड झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार पुटू एवं भूतपूर्व सैनिक दिनेश्वर पाठक ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस जी के चित्र पर सर्वप्रथम माल्यार्पण किया तथा उनके चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया तथा सभी से नेताजी के सपनों का भारत बनाने का प्रण लेने को कहा।

इसके बाद वहां उपस्थित सभी लोगों ने नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मनोज कुमार ‘पुट्टू’ ने बताया कि आजादी हमें खैराती में नहीं मिली है। इसके लिए कितने लोगों ने अपनी जान गवां दी और वतन के लिए मर मिटे। हमें उनकी शहादत को नहीं भूलना चाहिए। उनमें से एक क्रांतिकारी नेताजी भी थे जिन्होंने आजाद हिंद फौज की स्थापना की और इसके बैनर तले वे अंग्रेजों के ख़िलाफ़ जोरदार संघर्ष किये।

उन्होंने कहा कि नेता जी का व्यक्तित्व एवं उनके विचार हम सब के लिए अनुकरणीय है। देश की आज़ादी में उनके द्वारा दिये गए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। “जय हिंद” का नारा उन्होंने ही दिया था। यह नारा हमेशा हमें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने खास करके युवाओं से कहा कि वह अपने विचार, व्यवहार, कार्य के प्रति अच्छी सोच रखें। समाज एवं देश को कोई एक व्यक्ति नहीं बदल सकता है। इसके लिये हम सभी को अपनी-अपनी जिम्मेवारी निभानी चाहिए। पढ़ाई करके नौकरी पाना ही जीवन का सार नहीं है।

समाज, राष्ट्र के प्रति भी हमें अपनी जिम्मेवारी को निभाना है। उन्होंने सभी के माता-पिता से विशेषकर आग्रह किया कि अपने बच्चों में बचपन से ही देश भक्ति के साथ-साथ संस्कार देने का कार्य करें। ताकि आप भी अपने बेटे बेटियों पर गर्व कर सके और देश और समाज को भी उन पर नाज़ हो, क्योंकि ये ही बच्चे कल के भविष्य है। आज की युवा शक्ति ही कल की राष्ट्र शक्ति है।

इस अवसर पर देश भक्ति गीत गाये गये। बच्चों के बीच चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा सभी बच्चों को उपहार दिया गया और तिरंगा पट्टा देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था के महिला विंग के पूर्व झारखंड प्रदेश अध्यक्ष श्वेता आर्या, अनुषा कुमारी, युवा विंग के आयुष कुमार, मुन्ना कुमार, सत्यम कुमार, हर्ष राज, बिनीत कुमार सिंह, रवि श्रीवास्तव, शिव शंकर पाठक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *