राजनीति

रांची विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे राष्ट्रीय युवा शक्ति के अध्यक्ष उत्तम यादव, बिरला मैदान में आयोजित आम सभा में रायशुमारी के बाद हुई घोषणा

रांची के रातू रोड स्थित बिरला मैदान में आज राष्ट्रीय युवा शक्ति के बैनर तले एक आमसभा बुलाई गई। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों की उपस्थिति रही। यह बैठक रांची विधानसभा से उत्तम यादव चुनाव लड़े अथवा नहीं, इसके लिए रायशुमारी हेतु प्रमुख रूप से आम सभा का आयोजन किया गया था।

ज्ञातव्य है कि पिछले कई वर्षों से राष्ट्रीय युवा शक्ति ने रांची के विभिन्न इलाकों में जन-जागरण व कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किये, जिसका लाभ समाज को मिला और बड़ी संख्या में इस संस्था से युवा भी जुड़े। आपको याद होगा, रांची में भगत सिंह की प्रतिमा लगे, इसको लेकर भी राष्ट्रीय युवा शक्ति ने जन-जागरण चलाया था। आम सभा में आये सभी लोगों ने एक स्वर में राष्ट्रीय युवा शक्ति के अध्यक्ष उत्तम यादव को रांची विधानसभा से चुनाव लड़ने पर सहमति जता दी। सभी ने कहा कि उत्तम यादव चुनाव लड़े, सभी उन्हें विजयी बनाने के लिए प्रयास करेंगे।

उत्तम यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे पिछले 15 वर्षों से रांची की जन समस्याओं को लेकर लगातार सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। कोरोना के पहले लहर में 79 दिनों तक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया गया एवं प्रवासी मजदूरों के बीच में चप्पल का वितरण किया, दूसरे लहर में कोई नहीं था तो वे रांची में हर लोगों तक मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे।

यहां तक की घर तक दवा, राशन, खाना, घाघरा घाट में प्रत्येक दिन 20 पेटी पानी एवं मोक्ष यात्रा वाहन माध्यम से मृतकों को निशुल्क घाघरा घाट पहुंचा रहे थे। जो अब तक करीब 3000 लोगों को राजधानी रांची के विभिन्न मुक्तिधामों तक निशुल्क पहुंचा चुके हैं। बालेश्वर रेल हादसा में भी वे वहां पहुंचकर रक्तदान किये। जरूरतमंदों का सेवा करने का काम किया। आज रांची शहर चरस, अफीम, ब्राउन शुगर, इंजेक्शन के चपेट में है।

लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उसी के तहत एक महीने का पदयात्रा करके रांची के लोगों को जागरूक किया गया एवं प्रत्येक रविवार को पिछले 30 महीने से रांची के मोराबादी  मैदान के ऑक्सीजन पार्क में राष्ट्रगान कराई जाती है एवं नशा के खिलाफ संकल्प लिया जाता है।

उरी में शहीद हुए जोरा मुंडा की बच्ची संध्या मुंडा का रांची के जेवियर कॉलेज में एडमिशन कराया गया। रांची के लोग जब गर्मी के दिनों में पानी के लिए छटपटा रहे थे तो पीएचडी कार्यालय का घेराव किया गया। गर्मी के दिनों में जब बिजली आंख मिचौली कर रही थी तब ढिबरी जुलूस निकालकर विरोध प्रकट किया गया। बरसात के दिनों में पूरी राजधानी जल जमाव से परेशान थी तो रातू रोड के नाले के पानी में खड़ा होकर जल सत्याग्रह किया।  ज्ञातव्य है कि उत्तम यादव पूर्व में झारखण्ड विकास मोर्चा में थे। बाद में भारतीय जनता पार्टी में भी शामिल हुए। अब वे स्वतंत्र रूप से रांची सीट से चुनाव लड़ेंगे।