राजनीति

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की सात चरणों में निकलनेवाली संकल्प यात्रा का श्रीगणेश 17 अगस्त को भोगनाडीह से

भाजपा के कथनानुसार राज्य में अराजकता की स्थिति है। सत्ता संपोषित भ्रष्टाचार से राज्य की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। बहन बेटियां असुरक्षित हैं। युवाओं के उम्मीदों पर राज्य सरकार ने कुठाराघात किया है। आदिवासी, दलित, पिछड़ा कोई सुरक्षित नहीं। राजधानी रांची सहित कही भी किसी समय हत्या करने में अपराधी सफल हो जा रहे। घुसपैठियों से राज्य की डेमोग्राफी बदल रही और राज्य सरकार तुष्टिकरण में आकंठ डूबी है।

भाजपा का यह भी कहना है कि भाजपा सदन से सड़क तक राज्य सरकार की विफलताओं को उजागर कर रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी राज्य को भय, भूख, भ्रष्टाचार और कुशासन से मुक्त कराने के संकल्प को लेकर संकल्प यात्रा के माध्यम से राज्य के सभी 24 जिलों, 263 प्रखंडों की जनता से मिलेंगे। बाबूलाल मरांडी की यह संकल्प यात्रा सात चरणों में संपन्न होगी। सभी चरणों के लिए अलग अलग यात्रा संयोजक एवं टोली बनाई गई है।

यात्रा के प्रथम चरण में प्रदेश अध्यक्ष 17 अगस्त को झारखंड के अमर शहीद सिदो कान्हो की जन्मभूमि भोगनाडीह में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। प्रत्येक दिन दो विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग जनसभा होगी। शिवगादी धाम में पूजा अर्चना के बाद प्रदेश अध्यक्ष 17 अगस्त को पहली जनसभा बरहेट में करेंगे। पहला चरण 17 से 20 अगस्त तक चलेगा। जिसमे बरहेट, बोरियो, राजमहल, महगामा, गोड्डा, पोड़ैयाहाट, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़ में बाबूलाल मरांडी की जनसभाएं होगी। इस प्रथम चरण के यात्रा संयोजक विधायक अनंत ओझा बनाये गये हैं जबकि उनकी टोली में सरोज सिंह, विधायक अमित मंडल, बबलू भगत, मिस्त्री सोरेन और सत्येंद्र सिंह शामिल रहेंगे।

यात्रा का दूसरा चरण 23 से 27अगस्त तक निर्धारित है। जिसके संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा और उनकी टोली में वीरेंद्र मंडल, लुईस मरांडी, राधा रानी, अमिता रक्षित, निवास मंडल और विधायक रणधीर सिंह शामिल होंगे। दूसरे चरण में मधुपुर, सारठ, देवघर, जरमुंडी, शिकारीपाड़ा, जामा, दुमका, नाला, जामताड़ा, टुंडी विधानसभा क्षेत्र को शामिल किया गया है।

तीसरा चरण 4 से 6 सितंबर तक आयोजित है। जिसके संयोजक विधायक केदार हाजरा बनाए गए हैं तथा उनकी संयोजन टोली में योगेंद्र प्रताप सिंह, विनय शर्मा, नागेंद्र महतो, रमेश सिंह, कुमकुम देवी, उदय सिंह और छोटेलाल यादव शामिल हैं। इसमें जमुआ,  धनवार, कोडरमा, बरही, बरकट्ठा, बगोदर में सभा आयोजित होगी।

यात्रा का चौथा चरण 9 से 16 सितंबर तक है जिसके संयोजक प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय बनाए गए हैं। उनकी टोली में मनोज सिंह, अमित सिंह, जवाहर पासवान, शशिभूषण भगत, विधायक भानु प्रताप शाही, राजधानी यादव, प्रभात भुइयां, बिपिन बिहारी सिंह शामिल है। चौथे चरण में हजारीबाग, बड़कागांव, मांडू, रामगढ़, सिमरिया, चतरा, पांकी, डालटनगंज, हुसैनाबाद, छत्तरपुर, विश्रामपुर, गढ़वा और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्रों में सभा होगी।

पांचवें चरण की यात्रा 18 से 24 सितंबर तक आयोजित है। जिसके संयोजक विनय लाल हैं। इनकी टोली में मुनेश्वर साहू, राकेश भास्कर, जेबी तुबिद, गीता बालमुचू, संजू पांडेय, उदय सिंहदेव, बड़ कुंवर गगराई, शशिभूषण समद शामिल हैं। इस चरण में लातेहार, मनिका, लोहरदगा, बिशुनपुर, गुमला, सिसई, कोलेबिरा, सिमडेगा, तोरपा, खूंटी, चक्रधरपुर, मनोहरपुर, मझगांव और चाईबासा विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा होगी।

छठे चरण की यात्रा 26 सितंबर से 01अक्टूबर तक होगी जिसके संयोजक गणेश मिश्र हैं और उनकी संयोजन टोली में विधायक बिरंची नारायण, अमर बाउरी, सुरेश साव, दिनेश यादव, दिलीप वर्मा, निर्भय शाहाबादी, यदुनंदन पाठक शामिल है। इस चरण में निरसा, सिंदरी, धनबाद, झरिया, बाघमारा, चंदनक्यारी, बोकारो, बेरमो, गोमिया, गिरिडीह और गांडेय विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा होगी।

संकल्प यात्रा का सातवां और अंतिम चरण 3 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक होगा। जिसके संयोजक भाजपा के महान तेजस्वी व महाप्रतापी एकोsहं द्वितीयो नास्ति को चरितार्थ करनेवाले, भाजपा के संगठन मंत्री के दुलारे, प्रदेश महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी डॉ प्रदीप वर्मा बनाए गए हैं। जिनकी टोली में रामकुमार पाहन, बारी मुर्मू, विनोद सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, सत्यनारायण सिंह, अनिल महतो टाइगर, रमेश हांसदा और गणेश महली शामिल हैं। सातवें चरण में खरसावां, सरायकेला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी, बहरागोड़ा, घाटशिला, ईचागढ़, सिल्ली, तमाड़, खिजरी, मांडर, कांके, हटिया और रांची विधानसभा क्षेत्र में जनसभा होगी।