राजनीति

भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की वैलिडिटी खत्म, इसलिए वे कह रहे कि वे रिचार्ज होने के लिए यहां आ रहे, पर उन्हें पता नहीं, यहां की जनता और झामुमो इन्हें डिस्चार्ज करके भेज देगीः सुप्रियो

झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव व प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने आज प्रेस कांफ्रेस में असम के मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा शर्मा के उस बयान कि वे झारखण्ड रिचार्ज होने के लिए आते हैं, पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो ऊर्जा उनकी समाप्त हो गई है और जिसे वे रिचार्ज करने के लिए झारखण्ड आते हैं। यहां की जनता और उनकी पार्टी, चिन्ता नहीं करें, उन्हें डिस्चार्ज करके भेज देगी।

सुप्रियो ने कहा कि सच्चाई है कि भाजपा के सारे नेता और उनके कार्यकर्ता कि वैलिडिटी ही खत्म हो गई है। हाल ही में जो विधानसभा के उपचुनाव हुए, उसमें भाजपा 13 सीटों में मात्र दो सीटों पर ही सिमट गई। सुपड़ा साफ हो गया। ये घटना भी बताती है कि भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का बैट्री पूरी तरह डिस्चार्ज हो गया है।

सुप्रियो ने कहा कि पूरे देश में कही बाढ़ है तो कही सुखाड़ है। लेकिन कृषि मंत्री को देखिये तो वे बार-बार झारखण्ड आ रहे हैं। कृषि मंत्री से संसद में एमएसपी पर सवाल पूछा जाता है तो वे निरुत्तर हो जाते हैं। यहां एमएसपी का मतलब मतदाताओं का समर्थन पत्र बताते हैं। उनको यहां के मतदाताओं का समर्थन पत्र भी नहीं मिलेगा।

सुप्रियो ने कहा कि सुनने में आ रहा है कि भाजपा के बड़े नेता व केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 जुलाई को रांची आयेंगे और यहां के कार्यकर्ताओं को जीत का टिप्स देंगे। सुप्रियो ने कहा कि उनके टिप्स का यहां कोई असर नहीं होगा। यहां की जनता मन बना चुकी है कि इस बार भी भाजपा को साफ कर देना है। जैसे हाल ही में पूरा देश का संदेश भाजपा को गया है, वहीं संदेश झारखण्ड भी उन्हें देगा।

सुप्रियो ने कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर से भाजपा साफ होने जा रही है और यही हाल झारखण्ड में भी उसका होगा। उसके केन्द्रीय मंत्री सरकारी संसाधनों का अभी से दुरुपयोग करने लगे हैं। आजकल उनका झारखण्ड दौरा खुब हो रहा है। हमारी मजबूरी है कि प्रोटोकॉल के तहत हमें वो सारी सुविधाएं इन्हें उपलब्ध करानी है जो उनका हक है। हम अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की तो आदत है कि सरकारी संसाधनों का सदुपयोग कर, उसका राजनीतिक लाभ उठाएं, जो वे कर रहे हैं। सुप्रियो ने कहा कि उनके नेता आये, घुमे। लेकिन जो यहां आकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। वो सही नहीं है। इनके प्रदेश अध्यक्ष की तो मैदान में जाने की औकात नहीं, लेकिन ट्विटर पर हर आधे घंटे पर बयान जारी कर देते हैं। वो भी उलूल-जुलूल। जनता सब देख रही हैं। इस बार पता लग जायेगा।